हनुमानगढ़ में मौसम लगातार बदल रहा है। मंगलवार सुबह जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पहले घना कोहरा छाया रहा, फिर धूप खिल गई। इस बदलाव से सर्दी का असर कम हुआ है, जिससे लोगों को तीखी ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को क्षेत्र में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम कहीं-कहीं धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव से आमजन को राहत मिली है, लेकिन फसलों के लिए सिंचाई पानी की मांग बढ़ने की आशंका है। किसान पहले ही इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) में अधिक पानी की मांग कर चुके हैं।
मौसम में हो रही इस तबदीली से मार्च माह में तापमान अधिक रहने की आशंका बन रही है। उधर, सिंचाई विभाग ने 20 मार्च से आईजीएनपी में रिलाइनिंग के लिए 60 दिन की बंदी लेने की घोषणा की है। ऐसे में पछेती फसलों के लिए सिंचाई पानी की समस्या खड़ी हो सकती है।


