हनुमानगढ़ में दो दिन बाद लौटा घना कोहरा:सुबह विजिबिलिटी 20-30 मीटर पर सिमटी, ठंडी हवाओं से गलन बरकरार

हनुमानगढ़ में शनिवार को दो दिन के अंतराल के बाद एक बार फिर घना कोहरा छा गया। सुबह तड़के से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में कोहरे की चादर बिछ गई, जिससे कई स्थानों पर विजिबिलिटी घटकर 20-30 मीटर रह गई। वाहन चालकों को हेडलाइट और पार्किंग लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। पिछले तीन दिनों से हनुमानगढ़ में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। हालांकि, दो दिन दोपहर में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब दिन के समय भी सर्दी से राहत की उम्मीद कम है। दिन का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। रात और सुबह के समय 85-95 प्रतिशत तक नमी के कारण कोहरा देर तक छाया रहता है। दिन में भी हल्की धुंध और ठंडी हवाओं के कारण ‘फील्स लाइक’ तापमान वास्तविक तापमान से कम महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने पहले ही 8 से 11 जनवरी के बीच पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। विशेष रूप से 9 से 11 जनवरी के दौरान सुबह के समय घना कोहरा और दिन में शुष्क, ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। इससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, ट्रेन और बस संचालन में देरी हो सकती है, और सुबह के समय दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ सकता है। कृषि मौसम बुलेटिन में किसानों को गेहूं, सरसों और सब्जी फसलों में हल्की सिंचाई की सलाह दी गई है। यह पाले और कोहरे के संयुक्त प्रभाव से होने वाले नुकसान को कम करने में सहायक होगा। साथ ही, पालतू पशुओं को खुले में न बांधने की हिदायत भी दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *