हनुमानगढ़ जिले में बसंत पंचमी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले भर में विशेषकर शिक्षण संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जंक्शन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में राज्य सरकार की योजना के तहत मेधावी छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। इस कार्यक्रम में नगर परिषद के निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय और कौरसिंह खोसा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। टाउन के मुखर्जी नगर स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल में भी बसंत पंचमी के अवसर पर कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य दीपक बारोटिया ने की, जिसमें हरि खदरिया सहित शिक्षक और अभिभावक मौजूद थे। कोहला स्थित श्री गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल में भी वसंत पंचमी धूमधाम से मनाई गई। संस्था प्रधान अमन संधू और प्रिंसिपल शालिनी गौड़ ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। बच्चों ने इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय के विधि सहायता सेवा क्लिनिक ने भी एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसका शुभारंभ प्राचार्य डॉ. सीताराम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण कर किया। खुशाल दास विश्वविद्यालय में भी वसंत पंचमी पर यज्ञशाला में हवन किया गया। मां सरस्वती पूजा समिति ने अपनी वार्षिक परंपरा निभाते हुए इस वर्ष भी 6वां सरस्वती पूजा महोत्सव आयोजित किया। यह दो दिवसीय आयोजन शुक्रवार से जंक्शन के सुरेशिया में शुरू हुआ। गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन छात्र-छात्राओं में सकारात्मक सोच, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करते हैं। जंक्शन स्थित सचखंड कॉन्वेंट स्कूल में भी विधि-विधान से हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। स्कूल के संस्थापक मलकीत सिंह मान और गुरपाल कौर इस यज्ञ के मुख्य यजमान रहे।


