गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल में 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित तीन दिवसीय ‘कैंपस ट्रेल–एंटरप्रेन्योरशिप एडिशन’ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान छात्रों ने अपने स्टार्टअप प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की और ‘ब्रेक थ्रू क्लब’ लॉन्च किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को उद्यमिता और उद्योग से सीधा जोड़ना है। यूनिवर्सिटी के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने बताया कि तीन दिवसीय इस आयोजन में विद्यार्थियों ने कृषि, आधुनिक डस्टबिन, मूड फ्लेवर चॉकलेट, एआई, डिजिटल स्किल्स और लोकल सर्विसेज जैसे कई अभिनव व्यवसायिक विचार प्रस्तुत किए। ब्रूमीज के संस्थापक और सीईओ वैभव अग्रवाल तथा सह-संस्थापक निहारिका जैन ने छात्रों को स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के तरीके बताए। निहारिका जैन ने सफल स्टार्टअप के लिए रिसर्च, सरल बिजनेस प्लान, सही टीम, ब्रांड निर्माण और ग्राहक की जरूरतों को समझने को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर ब्रूमीज़, आउटकम आउटिंग और श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के तहत छात्रों को प्रशिक्षण, गेस्ट लेक्चर, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट सहायता जैसे अवसर मिलेंगे, जिससे उन्हें उद्योग से सीधा जुड़ाव और बेहतर करियर विकल्प प्राप्त हो सकेंगे। ब्रूमीज़ की पांच साल की सफल विकास यात्रा और घरेलू सहायता क्षेत्र में उसके नवाचार को देखते हुए, यह साझेदारी विद्यार्थियों के लिए रोजगारपरक कौशल विकसित करने पर केंद्रित होगी। प्रेस वार्ता के दौरान ‘ब्रेक थ्रू क्लब’ की भी घोषणा की गई। यह क्लब एसकेडी यूनिवर्सिटी और गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों को उद्यमिता और नवीनतम व्यवसायिक रुझानों की जानकारी प्रदान करेगा। प्राचार्या पी. अन्तोनियम्माल ने भी इस पहल पर अपने विचार साझा किए।


