हनुमानगढ़ में 3किलो 8 ग्राम हेरोइन और विदेशी पिस्टल तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को जंक्शन पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान तलवाड़ा झील, हनुमानगढ़ निवासी मोदन सिंह उर्फ रवि (35) के रूप में हुई है। उसे पूछताछ के लिए 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस इस दौरान आरोपी से नेटवर्क और सप्लाई चेन की कड़ियों को खंगाल रही है। जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। गौरतलब है कि 3 दिसंबर 2025 को संगरिया पुलिस ने गश्त के दौरान एक कार में सवार भूपेंद्र सिंह ढिल्लो (निवासी भगवानगढ़, जिला बठिंडा) और नासिर (निवासी जहातली, जिला डींग) को पकड़ा था। उनके पास से 3 किलो 8 ग्राम हेरोइन, 2 विदेशी पिस्टल, 3 मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। इस मामले की जांच हनुमानगढ़ जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां को सौंपी गई थी। जांच के दौरान मोदन सिंह का नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार, मोदन सिंह इस तस्करी नेटवर्क की दूसरी कड़ी में आता है और पहले पकड़े गए आरोपी उसे डिलीवरी देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी से सप्लायर, खरीदार और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी हरी शंकर ने बताया कि जिले में नशा तस्करी और अवैध हथियारों संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एएसपी अरविंद बिश्नोई और सीओ मीनाक्षी के सुपरविजन में जंक्शन थाने की टीम ने मोदन सिंह को पकड़ा है। आरोपी से तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ जारी है।


