हनुमानगढ़ में टाउन रोड से भद्रकाली माता मंदिर तक प्रस्तावित सड़क का निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से अधूरा है। इससे परेशान अमरपुरा थेड़ी के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मेले से पहले सड़क निर्माण पूरा करने की मांग की। इससे पहले ग्राम पंचायत प्रशासक रोहित स्वामी के नेतृत्व में ग्रामीण करीब 13 किलोमीटर पैदल चलकर कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर नमन किया और फिर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव को ज्ञापन सौंपा। 19 मार्च से शुरू होगा माता भद्रकाली का मेला
ग्राम पंचायत प्रशासक रोहित स्वामी ने बताया कि भद्रकाली माता का वार्षिक मेला 19 मार्च से शुरू होने वाला है। करीब सात किलोमीटर लंबे इस मार्ग की खराब स्थिति श्रद्धालुओं के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्कूली बच्चे साइकिल से स्कूल जाते समय गिरकर घायल हो रहे हैं। इसके अलावा, वाहनों के टायर पंक्चर होना और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को नुकसान पहुंचना आम बात हो गई है। मेले से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा करने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क कई गांवों को आपस में जोड़ती है और कृषि कार्यों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पीडब्ल्यूडी द्वारा कभी कुछ सौ मीटर काम करके फिर निर्माण रोक दिया जाता है, जिससे समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मेले से पहले सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाए, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
इस दौरान विजय, मांगीलाल, भैरव, जितेंद्र पुरी, धनराज, गिरधारी स्वामी, अमित बिश्नोई, पियूष मोंगा, गुरदेव सिंह सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।


