हनुमानगढ़ में नोहर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान नोहर निवासी समीर उर्फ पिदीया (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नोहर के कार्यवाहक थानाधिकारी एसआई नरेंद्र कुमार मंगलवार रात पुलिस टीम के साथ कस्बे के आसपास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नोहर-अरड़की रोड पर एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता नजर आया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। शक होने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच गोगामेड़ी थाना प्रभारी चंद्रकला को सौंपी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी हेरोइन रखने के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से लाया था और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी।


