हनुमानगढ़ जिले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए के मादक पदार्थों का निस्तारण किया। पुलिस अधीक्षक अरशद अली की अध्यक्षता में की गई इस कार्रवाई में लगभग 7.6 करोड़ रुपए मूल्य के विभिन्न मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। एसपी अरशद अली ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों में 41 क्विंटल 47.88 किलोग्राम डोडा पोस्त (कीमत 6.22 करोड़ रुपए), 500.31 ग्राम हेरोइन (कीमत 1.06 करोड़ रुपए), 7,726 नशीली टैबलेट (कीमत 30.90 लाख रुपए), 88 शीशियां (कीमत 88,000 रुपए) और 3.650 किलोग्राम गांजा (कीमत 1.82 लाख रुपए) शामिल था। एसपी बोले यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत श्रीमहालक्ष्मी केम कार्बोनेट प्राइवेट लिमिटेड, रिको इंडस्ट्रियल एरिया में की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर और निरीक्षक सुभाष कच्छावा सहित जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्य मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की गई। सभी थानाधिकारियों और मालखाना प्रभारियों की उपस्थिति में मादक पदार्थों का वजन करने के बाद निपटारा किया गया।


