भास्कर न्यूज | लुधियाना श्री शिव मंदिर सोसायटी सम्राट कॉलोनी गली नंबर 2 में प्रत्येक मंगलवार की भांति सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ का आयोजन किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में पूरी कॉलोनी के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंगलवार की इस विशेष पूजा में मुख्य यजमान अरुण सिंह ने अपने सपरिवार के साथ बालाजी महाराज के चरणों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और वंदन किया। पंडितों के सानिध्य में हनुमान जी का शृंगार किया गया और मंगल आरती उतारी गई। इसके उपरांत जब सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ शुरू हुआ तो उसकी दिव्य ध्वनि से पूरी सम्राट कॉलोनी गूंज उठी। इस अवसर पर मंदिर सोसायटी के सभी पदाधिकारी और मोहल्ला निवासी उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में बालाजी महाराज को विशेष भोग लगाया गया। सोसायटी के सदस्यों ने बताया कि इस साप्ताहिक पाठ का उद्देश्य समाज में सुख-शांति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।


