हनुमान बेनीवाल के बेटे की ‘बिना ब्रेक राइडिंग’:पूर्व मंत्री-EX-MLA में ‘डांस-टिकट’ चर्चा; रोते हुए बोला-‘पुलिस हमारी बाप है’

नमस्कार नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के बेटे की स्कूटर राइडिंग का वीडियो खूब घूम रहा है। जैसलमेर में अपने डांस से धमाल मचाने वाले पूर्व विधायक की पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जमकर तारीफ की। बाड़मेर में पुनर्गठन के बाद खेल राज्यमंत्री को लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है और उदयपुर में बदमाश ने कहा-पुलिस हमारी बाप है। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. हनुमान बेनीवाल के बेटे की ‘बिना ब्रेक राइडिंग’ कड़ाके की सर्दी का दौर चल रहा है। सर्दी का लेवल ये कि कलेक्टर साहब ने 6 से 8 जनवरी 2025 तक छुट्‌टी घोषित कर दी। फिर याद आया कि 2026 की सर्दियां चल रही तो आदेश संशोधित हुआ। स्कूलों की छुट्‌टी बढ़ने के बाद बच्चे जमकर मस्ती कर रहे हैं। ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल जाने की मजबूरी से मुक्ति मिलने का आनंद नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के सुपुत्र आशुतोष भी खूब उठा रहे हैं। सांसद महोदय के आवास पर जनसुनवाई के लिए बैठे फरियादियों के बीच ही आंगन में आशुतोष ने जमकर स्कूटर चलाया। स्कूटर की स्पीड ऐसी कि पलक झपकते गाड़ी टोल पार हो जाए। फरियादी भी अपनी-अपनी एप्लिकेशन मोड़कर जेब के हवाले कर बच्चे का तमाशा देखने लगे। दायें मुड़ना हो या बायें, खंभे का गोल चक्कर पर घूमना हो या कुर्सियों के बीच से, आशुतोष की गाड़ी बिना ब्रेक घूमती रही। सांसद महोदय की सुरक्षा में लगे जवान ने भी टांग उठाकर खुद को बचाया। वीडियो सोशल मीडिया पर उसी गति से घूम रहा है, जिस गति से स्कूटर। 2. डांस की तारीफ और ‘टिकट की मांग’ जैसलमेर में 70 साल के पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव ने लाल चश्मा लगाकर जोरदार डांस किया था। चारों तरफ उनके डांस की तारीफ हुई तो उत्साह बढ़ गया। जैसलमेर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमरद्दीन का बर्थडे आया तो धनदेव जी से डांस की डिमांड हुई। गुलाबी पगड़ी पहने पूर्व विधायक यहां भी तुरंत शुरू हो गए। ऐसी ताल बैठी कि साथ में लोग नाचने लगे। इसके बाद पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और रूपाराम धनदेव की भेंट हुई। धनदेव को देखते ही खाचरियावास जी ने तारीफ की। बोले- यार जबरदस्त डांस किया। पूरे देश में चर्चा है। मुझे तो पता है कि आपको डांस आता है। बल्कि गाना भी आता है। आप तो बड़े यंग हो। यंग की बात सुनते ही धनदेव ने तपाक से कहा- यानी 20-25 साल टिकट मिल सकती है न? खाचरियावास बोले- आपको कौन रोक सकता है? आप तो पावरफुल आदमी हो। इसके बाद दोनों ठहाका मारकर हंस पड़े। खाचरियावास ने फिर कहा- लेकिन डांस में आप छा गए। 3. बाड़मेर में परिसीमन के ‘रुझान’ बायतु को बाड़मेर में शामिल कर दिया गया है। गुड़ामालानी और धोरीमन्ना को बालोतरा में शामिल कर दिया गया है। लोगों का कहना है कि यह ‘सीमा-शुद्धि’ राजनीतिक लाभ लेने के लिए की गई है। इसे लेकर सियासी हलकों में तो उठापटक मची ही है, जनता ने भी रुझान देना शुरू कर दिया है। इलाके से आने वाले केके विश्नोई खेल राज्य मंत्री हैं। राजस्थान युवा महोत्सव के लिए विशाल पंडाल लगाया गया। पंडाल में सैकड़ों कुर्सियां बिछाई गई। लेकिन बहुत कम लोग पंडाल में पहुंचे। पंडाल में खचाखच के नाम पर सिर्फ कुर्सियां हैं, लोग नहीं। एक वीडियो सामने आया जिसमें स्थानीय व्यक्ति कह रहा है-अब तो एक भी वोट नहीं देंगे। मर जाएंगे तब भी नहीं देंगे। भले पूरा गांव नोटा में वोट दे देगा। लेकिन केके साहब को नहीं देंगे। 4. चलते-चलते… रात अंधेरी थी। कड़ाके की ठंड। अंधेरे में एक बाइक की हेडलाइट की रोशनी हुई। बाइक पर तीन युवक सवार। दो बदमाश बाइक से उतरे। इसके बाद गली में खड़ी गाड़ियों के शीशे फोड़ना शुरू कर दिया। बाइक पर सवार तीसरा युवक निगरानी करता रहा। जब दोनों लड़कों का काम हो गया तो बाइक सवार उनके पास आया। तीनों फरार हो गए। दूसरे दिन मोहल्ले में हड़कंप मच गया। कौन शीशे फोड़ गया। किसकी क्या दुश्मनी है जो ये काम किया? आदतन बदमाशों ने आनंद लेने के लिए वारदात की थी। लोग परेशान होंगे यही उनकी कमाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक बदमाश तक पहुंच गई। बदमाश पुलिस को देख भागा। और जैसा कि ऐसे मौके पर अक्सर होता है, बदमाश लड़खड़ाकर गिर गया और उसके हाथ-पैर टूट गए। पुलिस के सामने वह दहाड़े मारकर रोया। बोला- गलती हो गई माफ कर दो। लेकिन माफ करने के बजाय पुलिस बदमाश को उसी गली में लेकर गई जिसमें वह शीशे फोड़कर गया था। लाठी थामकर लंगड़ाकर चलते हुए बदमाश ने बताया कि किस-किस मकान के बाहर गाड़ियों के शीशे फोड़े थे। इस बीच पुलिस ने उसे एक नारा भी याद करा दिया था, जिसे वह दोहराता चल रहा था- अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है। (इनपुट सहयोग- हनुमान तंवर (नागौर), विजय कुमार (बाड़मेर), अनूप पाराशर (उदयपुर)।) वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *