भास्कर न्यूज | देवरी-सारागांव नगर के कुंआ बाजार चौक स्थित हनुमानजी के मंदिर में सुंदरकांड पाठ के आयोजन को पांच वर्ष पूर्ण होने पर विशेष सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। हनुमान मंदिर सुंदरकांड पाठ के संरक्षक सह संचालक सहसराम कर्ष ने बताया कि श्रीराम भक्त मारुति नंदन हनुमान जी महाराज दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर सांस्कृतिक रंगमंच बाजार चौक में विगत पांच वर्षों से प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। 25 जनवरी शनिवार को इस आयोजन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। सुबह 10 बजे से सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ होगा, जिसका समापन शाम 7 बजे होगा। इस दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।


