हरचोका में 20 लाख का रेत रॉयल्टी घोटाला, शिकायत

एमसीबी जिले के भरतपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत हरचोका में मवई नदी रेत खदान की रॉयल्टी राशि के गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि तत्कालीन सरपंच लालसाय सिंह मरावी ने करीब 20 लाख की सरकारी राशि का गबन किया और प्रशासन की ढिलाई का फायदा उठाकर झूठा शपथ पत्र देकर पुनः सरपंच का चुनाव भी जीत लिया। मामले का खुलासा ग्राम घुघरी निवासी संतोष कुमार शर्मा की शिकायत से हुआ। जांच में सामने आया कि वर्ष 2016 से 2020 के बीच हरचोका पंचायत को मवई नदी में 5 हेक्टेयर रेत खदान आवंटित की गई थी। इससे प्राप्त कुल रॉयल्टी राशि 20 लाख 54 हजार 200 रुपए थी। कलेक्टर खनिज शाखा ने 3 मई 2019 को ही यह राशि जमा कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन रसूख और अधिकारियों की लापरवाही के चलते 6 साल बाद भी एक रुपया वसूल नहीं किया जा सका। नियमतः गबन या सरकारी राशि की देनदारी होने पर कोई व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकता। आरोप है कि लालसाय सिंह ने प्रशासन को गुमराह करते हुए झूठा शपथ पत्र दिया और दोबारा सरपंच बन गए। वर्तमान कलेक्टर ने जून 2025 में सरपंच और सचिव से जवाब मांगा था, लेकिन रॉयल्टी जमा करने का कोई भी सबूत पेश नहीं किया गया। प्रशासनिक दबाव के बाद 14 अगस्त 2025 को एक संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया था। शिकायतकर्ता और ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच जल्द पूरी कर गबन की राशि वसूल की जाए और दोषियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें पद से पृथक किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *