हरदा जिले में जैवविविधता क्विज में 53 स्कूलों की प्रतिस्पर्धा:द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन प्रथम, अब राज्यस्तरीय ऑनलाइन मंच पर करेगा प्रतिनिधित्व

हरदा में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में जिला स्तरीय मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता क्विज 2025 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के 53 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में एक घंटे के भीतर 90 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर देने थे। इनमें मध्यप्रदेश का शुभंकर भूरसिंह किस जानवर से संबंधित है, विश्व विख्यात पुरातत्वविद डॉ. विष्णु वाकणकर के नाम पर किस टाइगर रिजर्व का नाम रखा गया है, विश्व वेटलैंड दिवस कब मनाया जाता है, शुष्क स्थानों पर उगने वाले पौधों को क्या कहते हैं, प्रदेश में पहला कंजर्वेशन रिजर्व कहां स्थापित किया गया है और मऊगंज जिले की सेलर नदी कौन सा जलप्रपात बनाती है, जैसे प्रश्न शामिल थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर वन मंडलाधिकारी हरदा (सामान्य) अनिल चोपड़ा, उप वन मंडलाधिकारी दक्षिण हरदा (सामान्य) राकेश लहरी, सहायक संचालक शिक्षा हरदा बलवंत पटेल और शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा के प्राचार्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन हरदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करताना द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिच्छापुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिए गए। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को भी पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान पर रही टीम अब राज्य स्तरीय जैवविविधता क्विज 2025 में हरदा जिले का ऑनलाइन प्रतिनिधित्व करेगी। इस अवसर पर परिक्षेत्र अधिकारी हंडिया (सामान्य) राजेंद्र प्रसाद, उपवनक्षेत्रपाल वहीद खान, उपवनक्षेत्रपाल डी.के. शर्मा, वनपाल ताराचंद चौरसिया सहित सभी विद्यार्थी और प्रभारी शिक्षक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन क्विज समन्वयक प्रबल पवार और डॉ. श्रीलता कुट्टी ने किया। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *