हरदा में शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजित की गई। जिसमें प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बाबा साहेब अंबेडकर की जन्मस्थली महू में होने वाली ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संविधान रक्षा के संकल्प में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता और संविधान के अनुयायी शामिल होंगे। शर्मा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जातिगत जनगणना का विरोध कर रही है क्योंकि उनकी मंशा अमीर को और अमीर तथा गरीब को और गरीब बनाने की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जातिगत जनगणना के माध्यम से सभी वर्गों में समानता और न्याय सुनिश्चित करना चाहते हैं। पीसीसी चीफ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ की नाराजगी के सवाल पर शर्मा ने इसे मीडिया की अफवाह बताया। उन्होंने दावा किया कि 27 जनवरी को कांग्रेस एकजुट होकर अपनी ताकत दिखाएगी। विधायक डॉ. आरके दोगने ने इस रैली को संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में निकेश चौहान, सत्येंद्र फौजदार, जिलाध्यक्ष ओम पटेल, गोविंद व्यास, कमल बास्ट, मुकेश कलवानिया, अक्षय उपरीत, गोरेलाल सिसोदिया, विजय पटेल सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।


