हरदा जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए पुलिस विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को टिमरनी थाना पुलिस ने हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले चालकों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। थाना प्रभारी मुकेश गोंड़ ने बताया कि यह पहल सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत की गई। ग्राम छिदगांव मेल में गंजाल नदी के पास स्टापर लगाकर कैमरे की मदद से वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान हेलमेट पहने चालकों को फूलमालाएं पहनाई गईं। वहीं, बिना हेलमेट के वाहन चला रहे चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें ‘राहवीर योजना’ के बारे में भी बताया गया और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। टीआई गोंड़ ने बताया कि नए साल के जनवरी माह में जिले में लगभग 30 सड़क हादसे हुए, जिनमें करीब 15 लोगों की जान चली गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना हेलमेट और शराब के नशे में वाहन न चलाएं।


