हरदी एनीकट के गेट तोड़ने वालों पर कार्रवाई:रात में असामाजिक तत्वों ने खोले गेट, सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग हरकत में आया

हरदी एनीकट में पानी की बर्बादी रोकने के लिए जल संसाधन विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है। बरसात का मौसम खत्म होने के बाद विभागीय निर्देशों के तहत एनीकट और स्टॉप डेम के गेट बंद किए जाते हैं। इसी कड़ी में 13 नवंबर 2025 को हरदी एनीकट के सभी गेट बंद कर दिए गए थे, जिससे एनीकट में अच्छा जलभराव हो गया था। इसी बीच विभाग को सूचना मिली कि कुछ असामाजिक तत्वों ने रात के अंधेरे में एनीकट के गेटों को नुकसान पहुंचाकर उन्हें खोल दिया है। इससे जलस्तर गिरने की आशंका बन गई। सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी (जल प्रबंध उपसंभाग क्रमांक-4, रायपुर) मौके पर पहुंचे और तत्काल गेट दोबारा बंद कराकर पानी की बर्बादी रोकी गई। मामले को गंभीर मानते हुए इसकी सूचना थाना आरंग पुलिस को भी दी गई है, ताकि गेटों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके और भविष्य में एनीकट की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। विभाग के मुताबिक, गेट बंद किए जाने के बाद 22 दिसंबर 2025 की स्थिति में हरदी एनीकट की कुल 8 फीट ऊंचाई में से करीब 5 फीट तक जल भराव सुरक्षित है। अधिकारियों का कहना है कि एनीकट की निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *