डीडवाना में राजस्थान पेंशनर्स समाज, जिला डीडवाना-कुचामन की तहसील लाडनूं के अध्यक्ष पद पर हरनाथ पुनिया को निर्विरोध चुना गया है। यह चुनाव लाडनूं के सुभाष चंद्र बोस उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव की उपस्थिति में संपन्न हुआ। जिला प्रवक्ता मनवर उसमानी ने बताया कि लाडनूं तहसील में पेंशनर्स समाज का यह चुनाव लंबे समय से लंबित था। लगभग डेढ़ माह पहले हुई बैठक में रेवंतसिंह नरुका को संयोजक नियुक्त किया गया था, जिन्हें सदस्यता अभियान पूरा करने और अध्यक्ष चुनाव संपन्न करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। नरुका के प्रयासों और पेंशनर्स की सक्रिय भागीदारी से यह चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बैठक में वरिष्ठ सदस्य सूर्यप्रकाश सिखवाल ने हरनाथ पुनिया का नाम अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया, जिसका समर्थन सेवानिवृत्त वैद्य पुरुषोत्तम शर्मा ने किया। निर्वाचन अधिकारी इंद्रचंद्र जांगिड़ (प्रधानाचार्य, के.डी.एस. बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, लाडनूं), सहायक निर्वाचन अधिकारी तुलसीराम रेगर (व्याख्याता, रा.उ.मा.वि. विश्वनाथपुरा) और अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी घनश्याम स्वामी (प्रशासनिक अधिकारी, सीबीओ कार्यालय, लाडनूं) की टीम ने चुनाव प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों से अन्य नाम प्रस्तावित करने का आह्वान किया, किंतु सभी पेंशनर्स ने सर्वसम्मति से हरनाथ पुनिया के नाम पर सहमति जताई। इसके बाद उन्हें निर्विरोध तहसील अध्यक्ष घोषित किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव, कार्यकारिणी सलाहकार द्वारका प्रसाद शर्मा, उपाध्यक्ष अब्दुल हमीद परिहार एवं रामप्रसाद वैष्णव, जिला प्रवक्ता मनवर उसमानी सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे। नव-निर्वाचित अध्यक्ष हरनाथ पुनिया ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को एकजुटता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहने और शीघ्र ही तहसील कार्यकारिणी के गठन का आश्वासन भी दिया। बैठक के अंत में पेंशनर्स समाज के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया।


