शिरोमणि अकाली दल की पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद बीबा हरसिमरत कौर बादल ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला है। अमृतसर स्थित सच्चखंड श्री दरबार साहिब में मत्था टेकने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। हरसिमरत कौर बादल का कहना है कि पंजाब में सरकार नहीं, बल्कि सिर्फ ड्रामेबाजी चल रही है। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनावों से पहले महिलाओं को 1000 रुपए देने का वादा सिर्फ डेटा इकट्ठा करने का औजार था, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद अब तक किसी को यह पैसा नहीं मिला। उनका आरोप है कि सरकार नए-नए वादों से जनता को गुमराह कर रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उन्होंने कड़ा निशाना साधा। हरसिमरत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना और मोहल्ला क्लीनिक सिर्फ दिखावा हैं। सरकारी अस्पतालों से डॉक्टरों को वहां बैठा दिया गया है, लेकिन न तो दवाइयां हैं, न सही इलाज। नतीजा यह हुआ कि पूरा हेल्थ सिस्टम चरमरा गया। कानून व्यवस्था के मामले में उनका कहना है कि पंजाब में गैंगस्टर राज है। रोज हत्याएं, लूट और फिरौती की घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकार असली अपराधियों को पकड़ने के बजाय निर्दोष युवाओं को जेलों में ठूस रही है। उन्होंने प्रहार जैसी मुहिमों को सिर्फ अखबारी विज्ञापन करार दिया और कहा कि करोड़ों खर्च होने के बावजूद कोई बड़ा गैंगस्टर पकड़ा नहीं गया। हरसिमरत कौर बादल ने मुख्यमंत्री से साफ सवाल किया अगर गैंगस्टर पकड़े जा रहे हैं, तो फिर पंजाब में दिन-दहाड़े हत्याएं क्यों नहीं रुक रहीं? उनका कहना है कि यह सरकार जमीन पर फेल है और सिर्फ प्रचार में अव्वल।


