भास्कर न्यूज | लुधियाना अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) को लगातार तीसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे देशभर में रोष और चिंता का माहौल है। इस पर भाजपा के सिख नेता सुखमिंदरपाल सिंह ग्रेवाल और अमरजीत सिंह टिक्का ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस धमकी को कायराना हरकत बताते हुए कहा कि यह सिखों की आस्था पर हमला है और पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का सबूत भी। दोनों नेताओं ने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब न सिर्फ सिख धर्म का सबसे पवित्र स्थल है, बल्कि यह शांति, सेवा और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। जब लोग डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं, तब मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने में व्यस्त हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार की सुस्त कार्रवाई और चुप्पी ने लोगों के मन में और डर भर दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करे। उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और साइबर क्राइम यूनिट को जांच सौंपी जाए ताकि दोषियों को जल्द पकड़ा जा सके। ग्रेवाल ने देश और दुनिया की संगत से अपील की कि वे पहले की तरह श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन को आएं लेकिन पूरी सतर्कता रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक स्थल की सुरक्षा का नहीं, बल्कि भारत की साझी विरासत और अस्मिता की रक्षा का सवाल है।


