हरिम संगम मेले में दिया जीवदया और स्वच्छता का संदेश:उद्योग राज्य मंत्री ने दिखाई झंडी, परंपरागत वेशभूषा और झांकियां रही आकर्षण का केंद्र

अपना संस्थान एवं नगर निगम भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वाधान में हरित संगम मेला आयोजित किया जा रहा है। इसके चौथे दिन सोमवार को आज जीवदया, पर्यावरण एवं स्वच्छता चेतना यात्रा को उद्योग राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्योग राज्य मंत्री केके बिश्नोई ने कहा कि पर्यावरण और स्वच्छता आज समय की मांग है। 4 वर्ष पूर्व हमने वैश्विक महामारी कोरोना जैसी बीमारी देखी, उसका हम सभी ने मिलकर सामना किया। हमारे बिश्नोई समाज के लोग, अमृता देवी विश्व में एक जाना पहचाना नाम है। गुरु जंभेश्वर महाराज ने 550 वर्ष पूर्व वृक्षों को नहीं काटने की सीख दी थी। हमारे समाज के लोग पर्यावरण वृक्ष और जीव रक्षा के लिए अपने प्राण भी न्योछावर कर देते हैं। उन्होंने कहा- भीलवाड़ा को हमने बजट घोषणा में टैक्सटाइल हब डिक्लेयर किया है। करीब 9 पॉलिसी और राइजिंग राजस्थान जैसा विषय हम लेकर आए हैं। पूरे विश्व और भारत ने देखा हैं कि स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राजस्थान आकर इसका स्वागत किया, जिससे उद्योगों को बढ़ावा मिल सके। हालांकि जिले में टेक्सटाइल उद्योगों को कैसे आगे बढ़ाया जा सके, इस पर राजस्थान सरकार काम कर रही हैं। इस अवसर पर संकट मोचन मंदिर के महंत बाबूगिरी एवं हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदास का भी सान्निध्य प्राप्त हुआ। इसके बाद चित्रकूट धाम अवधपुरी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा भी शामिल हुए। अपना संस्थान के अंकुर बोरदिया ने बताया कि रैली में अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणविद जोधपुर उच्च न्यायालय में सहायक रजिस्ट्रार खमुराम बिश्नोई के नेतृत्व में भीलवाड़ा के विश्नोई समाज सहित सैंकड़ों की संख्या में पर्यावरण प्रेमी सम्मिलित हुए। रैली में वृक्षों की रक्षार्थ शहीद अमृतादेवी और मुक्तिधाम मुकाम मंदिर की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी। रैली को व्यवस्थित रखने के लिए चार मंडल गुरु जम्भ मंडल, समराथल मंडल, अमृतादेवी मंडल एवं गुरु चंद्रप्रकाश मंडल बनाए गए। यह चेतना रैली जम्भेश्वर नगर से प्रारंभ होकर गंगापुर चौराहा, अंबेडकर सर्किल, सूचना केंद्र चौराहा होते हुए चित्रकूट धाम अवधपुरी पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। यात्रा संयोजक भवानी राम विश्नोई ने बताया कि हरित संगम मेले में विश्नोई समाज एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणविद खमुराम बिश्नोई द्वारा निर्मित पर्यावरण चेतना प्रदर्शनी से भी सैकड़ों लोग प्रेरित हो रहे हैं। जोधपुर से आया विश्नोई समाज का प्रतिनिधिमंडल पिछले 4 दिनों से मेले में पर्यावरण संरक्षण और जीवदया का संदेश दे रहा हैं। इस अवसर पर अपना संस्थान प्रांत सचिव विनोद मेलाना, मेला संयोजक राधेश्याम सोमानी, अमरचंद विश्नोई सहित अनेक पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। उद्योग राज्य मंत्री ने मेले के साथ ही फ्लॉवर शो का भी अवलोकन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *