हरियाणवी स्टूडेंट का कोटा में ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड:2 साल तक JEE की तैयारी की; मां से सिरसा की ट्रेन लेट होने का बहाना बनाया

हरियाणा के सिरसा के रहने वाले एक स्टूडेंट ने कोटा में सुसाइड कर लिया। वह पिछले 2 साल से कोटा में रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रहा था। मृतक की पहचान हिमायूं खेड़ा के सरताज सिंह के रूप में हुई है। सरताज ने सुसाइड से 20 मिनट पहले ही फोन पर अपनी मां से बात की थी। कॉल कट करते ही युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिजनों ने सरताज को दोबारा कॉल की तो पुलिस ने फोन उठाकर उन्हें घटना की जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि सरताज की जेईई की पढ़ाई पूरी हो गई थी। अब वह 12 वीं की परीक्षा की तैयारी में जुटा था। 25 जनवरी को वह ट्रेन से घर लौटने वाला था, लेकिन उससे पहले उसने सुसाइड कर लिया। सरताज ने मां को कॉल कर कहा… मां, आज ट्रेन से घर आ रहा हूं। ट्रेन अभी 3 घंटे लेट है, तब तक स्टेशन पर ट्रेन देखने जा रहा हूं। इसके बाद ही यहां से चलूंगा। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा घटनाक्रम… अप्रैल में होनी थी परीक्षा
पारिवारिक सदस्य लखबीर सिंह ने बताया कि सरताज 10वीं के बाद पिछले 2 साल से कोटा के राजीव गांधी नगर स्थित एक हॉस्टल में रहकर JEE की तैयारी कर रहा था। उसकी जेईई के सिलेबस की पढाई पूरी हो गई थी। इसका पेपर अप्रैल में होना था। सरताज जेईई का सिलेबस कवर कर अब 12वीं की परीक्षा की तैयार में जुट गया था। कोचिंग पूरी कर 25 जनवरी को ही उसे घर लौटना था। लखबीर ने बताया कि सरताज ने 10वीं तक की पढ़ाई ऐलनाबाद में रहकर की। उसके पिता कुलदीप सिंह गांव में खेती-बाड़ी करते हैं। सरताज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। करीब 2 माह पहले पांच- छह दिन घर रहकर कोटा लौटा था। उधर, मंगलवार सुबह परिजन सरताज का शव लेकर गांव लौटे, इसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *