हरियाणा के जवान का राजकीय सम्मान से संस्कार:राजस्थान में कार खड़े ट्रक में घुसी; एक साल का बेटा, दूसरा बच्चा होने वाला था

हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले आर्मी के जवान दीपक (26) राजस्थान के बीकानेर में रविवार को शहीद हो गए। वह नासिक में पोस्टिंग के लिए जा रहे थे। नेशनल हाईवे-11 पर उनकी कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति भी घायल हो गया। दीपक की बीकानेर में मिलिट्री कैंप में ड्यूटी थी। मंगलवार को दीपक का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव कासंडा पहुंचा। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पिता दलबीर ने मुखाग्नि दी। दीपक का एक साल का बेटा है। उनकी पत्नी प्रेग्नेट है। कुछ दिनों में उनका दूसरा बच्चा होने वाला है, लेकिन बच्चे के जन्म से पहले ही पिता की मौत हो गई है। अंतिम संस्कार से पहले की तस्वीरें… डिलीवरी के लिए परिवार को नासिक जाना था
दीपक के पिता दलबीर ने बताया कि बेटा हमें अकेला पूरी उम्र के लिए छोड़ कर चला गया। 7 साल पहले उसने आर्मी जॉइन की थी। करीब 3 साल पहले दीपक की शादी प्रीतमपुरा गांव में हुई थी। उनकी पत्नी को दूसरा बच्चा होने वाला था। पत्नी की डिलीवरी के लिए उसने हमें नासिक आने को कहा था। दीपक अपनी पत्नी की डिलीवरी ड्यूटी क्षेत्र के अस्पताल में करवाना चाहते थे, ताकि बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें। अगले एक-दो दिन में परिवार दीपक के पास जाने वाला था, लेकिन दीपक की अचानक दुर्घटना में मौत हो गई और सारे अरमानों पर पानी फिर गया। परिवार में सिर्फ दीपक की सरकारी नौकरी थी
दीपक के परिवार में उसके माता-पिता, पत्नी, एक बच्चे के अलावा भाई विक्की है। विक्की फ्रिज और AC ठीक करने का काम करता है। दोनों भाइयों की शादी प्रीतमपुरा में ही हो रखी है। पिता दलबीर गांव में टायर पंचर की दुकान चलाते हैं। परिवार में दीपक ही इकलौते ऐसे लड़के थे, जिनके पास सरकारी नौकरी थी। नायब सूबेदार बोले- हरियाणवी बोलकर सबका दिल जीतते थे
नायब सूबेदार अमित सिंह ने बताया कि बड़ा दुख है कि साथी दीपक उनसे जुदा हो गए। दीपक कार में सवार होकर नासिक में पोस्टिंग के लिए जा रहे थे। दीपक 2018 में 24 फिल्ड रेजिमेंट में क्लर्क के तौर पर यूनिट में आए थे। वह बहुत ही हंसमुख थे। अपनी बहुत अच्छी ड्यूटी करते थे। हरियाणवी में बात कर सबका दिल जीत लेते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *