हरियाणा के नूंह में मजार तोड़ी, पुलिस तैनात:ब्रजमंडल यात्रा से पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश, इंटरनेट-स्कूल बंद; बिट्‌टू बजरंगी की नो एंट्री

हरियाणा के नूंह जिले में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश की गई है। शरारती तत्वों ने रविवार-सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक मजार में तोड़फोड़ कर दी। यह मजार नूंह के तावड़ू कस्बे में है। मजार से तोड़फोड़ का पता सोमवार सुबह करीब 5 बजे चला, जब सेवादार वहां पहुंचा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद वहां भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। यहां माहौल शांतिपूर्ण हैं। ब्रजमंडल यात्रा का रूट तो यहां से नहीं गुजरता लेकिन लोग यहां से यात्रा में शामिल होने जरूर जाते हैं। इस तोड़फोड़ को उनमें दहशत फैलाने से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि नूंह की पुलिस खुलकर इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है। वहीं यह यात्रा दोपहर करीब 12 बजे नूंह के नलहड़ेश्वर (नल्हड़) मंदिर से शुरू होगी। जो फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर से होते हुए शिंगार गांव के श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर में समाप्त होगी। यात्रा को देखते हुए सरकार ने 24 घंटे के लिए यहां इंटरनेट और बल्क SMS की सेवाएं बंद कर रखी हैं। यह आदेश रविवार (13 जुलाई) रात 9 बजे से सोमवार (14 जुलाई) रात 9 बजे तक लागू रहेंगे। हालांकि इस दौरान बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज से जुड़ी SMS सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। इसके साथ ही जिले में पहली से 12वीं तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। यात्रा के रूट पर आने वाली मीट की दुकानें और फैक्ट्री बंद की गई हैं। ट्रैफिक डायवर्ट करते हुए भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाई गई है। पूरे जिले में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पुलिस के ढ़ाई हजार जवान तैनात किए गए हैं। बता दें कि नूंह में साल 2023 में ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा हो गई थी, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई थी। इस हिंसा के अगले साल यानी जुलाई 2024 में कड़ी सुरक्षा में सामान्य तरीके से यात्रा निकाली गई थी। हालांकि इस बार इसे भव्य तरीके से निकालने की तैयारी है। सरकार ने 2023 में हुई हिंसा के आरोपी फरीदाबाद के हिंदू संगठन के नेता बिट्‌टू बजरंगी के यात्रा में शामिल होने पर रोक लगा दी है। नूंह प्रशासन ने उसे इजाजत नहीं दी है। ब्रजमंडल यात्रा से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *