हरियाणा के 10 जिलों में अगले 3 घंटे घनी धुंध:2 दिन तक बारिश के साथ ओले गिरेंगे, 50 मीटर तक विजिबिलिटी

हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्रों में तापमान गिरने लगा है। प्रदेश के 11 जिलों में कोल्ड वेव यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हिसार, रोहतक, चरखी-दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल है। अगले 3 घंटों में चंडीगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, झज्जर, महेंद्रगढ़, पंचकुला, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, यमुनानगर में कई स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। यहां 20 से 50 मीटर तक की विजिबिलिटी रहेगी। प्रदेश में 2 दिन लगातार बारिश होगी। अगले 6 दिन में मौसम कई करवट लेगा। मैदानी राज्यों में बारिश होगी और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होगी। यानी ठंडक फिलहाल बरकरार रहेगी। हरियाणा में कल-परसों ओले गिरने के आसार
हरियाणा में पश्चिम विक्षोभ के असर के बाद सोमवार सुबह धुंध ने दस्तक दी है। भिवानी व हिसार में दृश्यता शून्य रही, जबकि प्रदेश के अन्य इलाकों में भी धुंध का असर कम रहा। इसके बाद दिन में धूप खिलने से ठंड से राहत मिली। रात के तापमान में 0.9 डिग्री की कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 जनवरी को प्रदेश में बारिश हो सकती है। 15 को कहीं-कहीं ओले पड़ सकते हैं। करनाल में सबसे ज्यादा ठंड रही। यहां रात का तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया है। पलवल व रोहतक में सबसे अधिक 11.2 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 0.9 मिलीमीटर बारिश भी हुई। अभी भी रात का तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री तक ज्यादा है। गुरुग्राम में ठंड के कारण 2 मौतें
गुरुग्राम में अलग-अलग स्थानों से दो युवकों के शव मिले हैं। इनमें से एक की पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी मनोज के रूप में हुई है। दूसरे करीब 35 वर्षीय युवक के शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में दोनों की मौत का कारण ठंड लगना बताया जा रहा है। 20 दिन तक शीतलहर चलेगी
हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आज से ठंड का तीसरा दौर शुरू हो गया है। इस महीने 20 दिन तक शीतलहर चलेगी। आज से तापमान में और गिरावट आएगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फ पिघलने से ठंड का असर बढ़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *