हरियाणा के 11 जिलों में धुंध का अलर्ट:5 जिलों में बारिश के आसार; हिसार, जींद और फरीदाबाद के दिन सबसे ठंडे

हरियाणा में धुंध का दौर छठे दिन भी जारी है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने आज 11 जिलों में डेंस फॉग का यलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में धुंध का अलर्ट है उनमें हिसार, जींद, पानीपत, सोनीपत, करनाल, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और चरखी दादरी जिले शामिल हैं। इसके अलावा 5 जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के भी आसार बन रहे हैं। लगातार धुंध और पहाड़ों से 8 से 10 किलाेमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण दिन के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 24 घंटे के दौरान दिन के तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट आई है। रविवार को हिसार, जींद, और फरीदाबाद के दिन सबसे ठंडे रहे। हिसार का अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री रहा, जबकि जींद और फरीदाबाद का 13.9 डिग्री टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया। आज भी बारिश के बन रहे आसार
वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से आज प्रदेश के अधिकांश जिलों, खासकर उत्तरी हरियाणा में मौसम में बदलाव दिखेगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल में मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं। जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ेंगी
हरियाणा में यदि बारिश होती है तो किसानों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। पिछले दिनों बारिश और ओलावृष्टि के कारण 949 गांवों के 13 हजार किसानों की सरसों, चना, गेहूं और सब्जियों को नुकसान पहुंचा था। किसानों ने दावा किया है कि 64 हजार हेक्टेयर से अधिक खड़ी फसल खराब हो चुकी है। आगे कैसा रहेगा मौसम
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया है कि अभी ठंड से राहत दिखने के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में धुंध का दौर जारी रहेगा। बारिश के भी आसार बने हुए हैं। पहाड़ी हवाओं और धुंध के कारण आने वाले दिनों में भी तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी। 10 जनवरी के करीब मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बारिश के आसार बन सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *