हरियाणा में धुंध के बाद 2 दिन बारिश का अलर्ट:पंचकूला-अंबाला समेत 5 जिलों में ज्यादा मौसम खराब रहेगा; करनाल-पानीपत के दिन सबसे ठंडे

हरियाणा में लगातार 2 दिन पड़ी घनी धुंध के बाद अब मौसम विभाग ने 2 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से शीतलहर भी चल रही है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने के बाद 5 और 6 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश जिले खासकर उत्तरी हरियाणा में मौसम में बदलाव दिखेगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। पानीपत-करनाल के दिन सबसे ठंडे 24 घंटे के मौसम के आंकड़ों को देखें तो दिन के अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। तापमान बढ़ने के बाद करनाल और पानीपत जिले सबसे ठंडे रिकॉर्ड किए गए। करनाल का तापमान 3.1 डिग्री की गिरावट के साथ 11.5 डिग्री रहा। वहीं पानीपत में दिन के तापमान में 12.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अन्य जिलों का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम रहा। सबसे अधिक गर्म दिन सिरसा के रहे, यहां का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। किसानों की मुश्किलें बढ़ेंगी बारिश होती है तो किसानों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। पिछले दिनों बारिश और ओलावृष्टि के कारण 949 गांवों के 13 हजार किसानों की सरसों, चना, गेहूं और सब्जियों को नुकसान पहुंचा था। किसानों ने दावा किया है कि खराब मौसम के कारण 64 हजार हेक्टेयर से अधिक की खड़ी फसल खराब हो चुकी है। करनाल में 3 ट्रक टकराए करनाल में शनिवार को नेशनल हाईवे पर घने कोहरे के चलते 3 ट्रक आपस में टकरा गए। हादसा हरियाणा रोडवेज बस के ब्रेक लगाने के बाद हुआ। जिसमें एक ट्रक का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद ड्राइवर रोडवेज बस को लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं, करनाल के सेक्टर 6 में शनिवार को कोहरे के कारण कार डिवाइडर से टकरा गई। कार में सवार परिवार अमृतसर से दिल्ली जा रहा था। कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। हिसार में ट्रक ने लोगों को रौंदा, 2 की मौत शनिवार को हिसार के उकलाना में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर धुंध के कारण एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसी कार में पीछे से आई गाड़ी भी टकरा गई। ये देख वहां लोगों की भीड़ इकट्‌ठी हो गई। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने लोगों को रौंद दिया और फिर पलट गया, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। 4 लोगों की हालत गंभीर है। वहीं हिसार के अग्रोहा में शुक्रवार रात घने कोहरे में कार तालाब में जा गिरी। जिसमें व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर ने अपने मामा के लड़के को फोन कर घटना की सूचना दी थी। मामा के लड़के ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सवा 12 बजे तक कार को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, तब तक दम घुटने से ड्राइवर की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान फतेहाबाद के भोड़िया खेड़ा निवासी जीवन (53) के रूप में हुई। नूंह में खड़े ट्रॉले से टकराई बस, एक की मौत नूंह में दिल्ली-मुंबई वडोदरा एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार रात कोहरे के कारण खड़े ट्राले में बस टकरा गई, जिसमें बस ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। हादसा जयसिंहपुर चौकी क्षेत्र के देवला नगली गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान राजस्थान के कोटपूतली निवासी सुभाष सिंह (26) के रूप में हुई है। वहीं सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। ड्राइवर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। इस घटना के दौरान अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *