हरियाणा-यूपी सीमा विवाद, किसानों के बीच फायरिंग:पलवल में खेतों में काम कर रहे थे लोग, बोले-6 राउंड फायर किए, छिपकर जान बचाई

हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा पर पलवल जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के माहौली गांव में सीमा विवाद को लेकर किसानों के बीच गोलीबारी का मामला सामने आया है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के किसानों ने हरियाणा के किसानों पर फायरिंग की। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यमुना किनारे माहौली गांव में किसान सतबीर, प्रताप, मेघ सिंह और हरेंद्र अपने खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के टप्पल थाना क्षेत्र के धारागढ़ी गांव के किसान ओम प्रकाश सहित करीब एक दर्जन लोग वहां पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी। पांच-छह राउंड फायरिंग हरियाणा के किसानों ने बताया कि यूपी के किसानों ने उन पर करीब पांच-छह राउंड फायरिंग की। उन्होंने इधर-उधर छिपकर अपनी जान बचाई। माहौली गांव के किसानों ने तुरंत हसनपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उत्तर प्रदेश के किसान वहां से भाग चुके थे। किसान मेघ सिंह के अनुसार, आरोपी ओम प्रकाश उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहता है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी ओम प्रकाश ने खेतों में काम कर रहे मजदूरों को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत भी हसनपुर थाना पुलिस को दी गई थी। मामले की जांच कर रही पुलिस हसनपुर के थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि गोलीबारी की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक उन्हें कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *