फतेहाबाद जिले में चलती रोडवेज बस का टायर फट गया। इससे एक सवारी घायल हो गई, जबकि बाकी बाल-बाल बच गए। घायल सवारी के दोनों पांव में फ्रेक्चर हो गए। उसे तत्काल फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके बाद सूचना रोडवेज के उच्च अधिकारियों को दी गई। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह साढ़े 10 से 11 बजे के बीच की है। फतेहाबाद रोडवेज डिपो की बस HR 62GV 3364 बुधवार को रतिया से पंजाब के सरदूलगढ़ जा रही थी। इसे ड्राइवर गुरजीत सिंह चला रहा था, जबकि कंडक्टर अनिल कुमार साथ था। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। ड्राइवर गुरजीत सिंह के अनुसार, जैसे ही बस गांव हांसपुर के पास पहुंची, तभी अचानक पिछला टायर फट गया। बताया गया कि टायर पहले से ही कंडम था और पत्थर लगने से फट गया। ड्राइवर ने बड़ी मुश्किल से बस को पलटने से बचाया ड्राइवर ने कहा कि टायर फटने से बस बेकाबू हो गई। बड़ी मुश्किल से ड्राइवर ने स्थिति को संभाला, जिससे बस पलटने से बच गई। इसी दौरान बस में झटके लगने के कारण सरदूलगढ़ जा रहे यात्री (48) बलविंदर सिंह को चोटें आई। उनके दोनों पांवों में फ्रेक्चर हुए हैं। आसपास के लोग मदद के लिए आए। बलविंदर सिंह को तत्काल फतेहाबाद के सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसका इलाज शुरू किया। रोड टूटा हुआ, बारिश के बाद पत्थर निकल आए ड्राइवर गुरजीत सिंह ने बताया कि बारिश के बाद रोड टूटने लगा है। इसमें पत्थर निकल आए हैं। रोड का पत्थर लगने से टायर फट गया। हादसे में घायल हुए बलविंदर सिंह को ड्राइवर गुरजीत सिंह ही फतेहाबाद के सिविल अस्पताल लेकर आए। दूसरी बस से भेजे यात्री कंडक्टर अनिल कुमार ने इस घटनाक्रम के बाद पीछे आ रही बसों को रुकवाया। इसके बाद रोडवेज बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से सरदूलगढ़ की ओर भेजा गया। इसी बीच बलविंदर सिंह के परिजनों को सूचना देकर फतेहाबाद बुलाया गया।


