हर घर में लगेगा क्यूआर कोड, कूड़ा न ले जाने पर कर पाएंगे शिकायत

भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर जल्द ही कूड़ामुक्त होने जा रहा है। नगर निगम ने सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए हर घर से कूड़ा उठाने की योजना लागू कर दी है। ई व्यवस्था के तहत थ्री आर कंपनी शहर के प्रत्येक घर से नियमित रूप से कूड़ा एकत्रित करेगी। खास बात यह है कि हर घर में क्यूआर कोड आधारित स्कैनर लगाया जाएगा, ताकि यदि किसी दिन कूड़ा नहीं उठता है तो संबंधित परिवार सीधे शिकायत दर्ज कर सके। शिकायत दर्ज होते ही सिस्टम अलर्ट होगा और उसी दिन कूड़ा उठाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बता दें कि शहर की 85 वार्डों में करीब 3 लाख से अधिक घर है और 1 जनवरी 2026 तक सभी घरों में क्यूआर कोड लगा दिए जाएंगे। नगर निगम की यह योजना इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (आईएसडब्ल्यूएम) प्रोजेक्ट के तहत लागू की जा रही है। इसका पहला चरण वार्ड नंबर 4 में शुरू कर दिया गया है। निगम कमिश्नर आईएसब्ल्यूएम प्रोजेक्ट के तहत चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा और हर सप्ताह 6 नए वार्ड इसमें जोड़े जाएंगे। निगम कमिश्नर ने दावा किया कि योजना के पूरी तरह लागू होते ही अमृतसर शहर पूरी तरह कूड़ामुक्त हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब शहर में सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबिन नहीं लगाए जाएंगे, केवल पर्यटन स्थलों पर ही रखे जाएंगे, ताकि शहर की सड़कों और गलियों में खुले कचरे की समस्या खत्म की जा सके। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि कोई व्यक्ति अपनी गली, घर या सड़क पर कूड़ा फेंकता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन स्थानों पर बड़ी मात्रा में कचरा उत्पन्न होता है, जैसे फैक्ट्रियां, मै​रिज पैलेस, रिसॉर्ट, फार्म हाउस और इंडस्ट्री यूनिट्स, उनके लिए बल्क वेस्ट जेनरेटर (बीडब्लूजी) सिस्टम लागू किया जा रहा है। इन सभी को अनिवार्य रूप से नगर निगम में रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। कचरे का निपटान सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड और पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मानकों के अनुसार किया जाएगा। नगर निगम की ओर से इसके लिए रजिस्ट्रेशन कैंप लगाए जाएंगे। इस मौके पर मेयर जतिंदर मोती भाटिया, एडिश्नल निगम कमिश्नर व अन्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *