अमृतसर| आम आदमी पार्टी शहरी के एससी विंग के जिला प्रधान डॉ. इंदरपाल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 22 जनवरी को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत की जा रही है। इस योजना के तहत पंजाब के हर परिवार को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त कैशलेस इलाज प्रदान किया जाएगा। इस योजना में किसी भी प्रकार की आय सीमा नहीं रखी गई है और राज्य के सरकारी कर्मचारियों को भी इसमें शामिल किया गया है। डॉ. इंदरपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 22 जनवरी को इस योजना का आधिकारिक रूप से शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की स्वास्थ्य योजनाओं में केवल 5 लाख रुपए तक का कवरेज मिलता था, लेकिन मान सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए इस राशि को दोगुना कर 10 लाख रुपए कर दिया है।


