यूनिसेफ ने झारखंड में बाल अधिकारों के संरक्षण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने की इच्छा जताई है। भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सिन्थिया मेककेफरी ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने झारखंड में बच्चों के समग्र विकास के लिए यूनिसेफ द्वारा संचालित योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए यूनिसेफ को सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिलेगा। हर क्षेत्र में बच्चों को आगे बढ़ने का प्रयास: मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बच्चों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के बच्चे हर क्षेत्र में आगे बढ़ें, इसके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। जब तक बच्चे स्वस्थ और सुरक्षित नहीं रहेंगे, तब तक विकास की बात नहीं हो सकती है। हमारी सरकार बच्चों में कुपोषण और स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने के लिए काम कर है। सभी के सहयोग से बच्चों को बेहतर जीवन देने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर यूनिसेफ की झारखंड प्रमुख कननिका मित्रा भी मौजूद थीं।


