हर माह सीबीसी, ब्लड, शुगर समेत अन्य टेस्ट होंगे मुफ्त, अल्ट्रासाउंड इमपेनल्ड सेंटरों में होगा : सिविल सर्जन

भास्कर न्यूज | अमृतसर गर्भवती महिलाओं के लिए आयुष्मान आरोग्य सेंटरों में मुफ्त इलाज की सुविधा की सोमवार को शुरूआत कर दी गई सिविल सर्जन डॉ. किरनदीप कौर ने रणजीत एवेन्यू स्थित आरोग्य सेंटर में इसकी शुरूआत की। सोमवार को शुरू हुई इस सुविधा के पहले दिन जिले के 72 सेटरों में कुल 216 महिलाओं के टेस्ट हुए और उन्हें दवा भी उपलब्ध कराई गई। सिविल सर्जन ने बताया कि आरोग्य सेंटरों में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की पहले ही ट्रेनिंग दी जा चुकी है कि गर्भवती महिलाओं के इलाज में क्या-क्या कुछ करना है, उनसे कैसे पेश आना है। रणजीत एवेन्यू ई ब्लाक में रहने वाली गर्भवती महिला ने बताया कि आरोग्य केंद्र में शुरू हुई सुविधा से राहत महसूस हो रही है। इससे पहले उन्हें हर महीने सिविल अस्पताल या मेडिकल कालेज स्थित बेबे नानकी अस्पताल में जाना पड़ता था। जहां काफी भीड़ होती थी, जिससे काफी समय लगता था। पति मजदूरी करते हैं और चेकअप में पूरा दिन लग जाता था तो वह काम पर भी नहीं जा पाते थे। ऐसे में अब आरोग्य सेंटर में सुविधा की शुरूआत हुई जिससे न सिर्फ उनका समय बचेगा बल्कि हर तरह के टेस्ट और दवाइयां भी मुफ्त मिलेंगी। सिविल सर्जन ने बताया कि आरोग्य सेटरों में आने वाली गर्भवती महिला का हर माह मुफ्त चेकअप के साथ मुफ्त दवाइयां भी मुहैया कराई जाएंगी। हर माह गर्भवती महिला के सीबीसी, यूरिन, ब्लड शुगर, एचआईवी, वीडीआरएल, हेपेटाइटिस्ट-बी और अन्य टेस्ट भी मुफ्त में किए जाएंगे। इसके अलावा हर महीने होने वाले अल्ट्रासाउंड के लिए भी सरकार की ओर से विशेष कदम उठाए गए हैं। जिस गर्भवती महिला का अल्ट्रासाउंड किया जाना है, क्लीनिक में उसकी रसीद काटी जाएगी। उसी रसीद के जरिए एक ओटीपी जेनरेट होगा, जिसके आधार पर महिला सरकार की ओर से इम्पैनलड अस्पताल में अपना मुफ्त अल्ट्रासाउंड करा सकेगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जब महिला की डिलीवरी की तारीख नजदीक आएगी, तो उसे सिविल अस्पताल या अन्य सरकारी अस्पतालों में स्पेशलिस्ट गायनाकोलॉजिस्ट की निगरानी में प्रसूति करानी होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *