भास्कर न्यूज | लुधियाना न्यू मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म मंदिर में लोहड़ी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। सतीश भाटिया व परिवार की ओर से आयोजित विशेष संकीर्तन व महाआरती में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान हर हर महादेव महाआरती सेवा संघ के सेवादारों द्वारा की गई दिव्य आरती ने पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान गणेश जी की वंदना और उसके पश्चात भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती की विशेष महाआरती रही। जैसे ही मंदिर परिसर में ढोल-नगाड़ों की थाप गूंजी पूरा पंडाल हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आरती का दृश्य इतना अलौकिक और प्रभावशाली था कि श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूमने लगे। समारोह के दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी कमलेश शास्त्री ने पूर्व पार्षद ममता आशु को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के सदस्य किशोरी लाल बेहाल और शिव कुमार कोचर रिंकू भी उपस्थित रहे। पुजारी कमलेश शास्त्री ने अपने प्रवचनों में भक्तों को लोहड़ी की बधाई देते हुए एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी दिया। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि पतंगबाजी के दौरान जानलेवा चाइना डोर का प्रयोग कतई न करें। यह पक्षियों और इंसानों के लिए घातक है। त्योहार को सुरक्षित और मर्यादित तरीके से मनाएं। संकीर्तन और महाआरती की समाप्ति पर सतीश भाटिया परिवार की ओर से प्रभु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें भारी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों के उत्साह और श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा ने इस लोहड़ी उत्सव को यादगार बना दिया।


