भास्कर न्यूज | लुधियाना गत्त दिनों जनरल हाउस की मीटिंग में हलका पूर्वी से कांग्रेसी पार्षदों ने सफाई के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए थे। हालांकि इस दौरान मेयर और कमिश्नर की जगह पार्षदों के सवालों का जवाब विधायक दलजीत भोला ग्रेवाल देते दिखाई दिए। इस दौरान कांग्रेसी पार्षद गौरव भट्टी से नोक-झोक तक हो गई थी। वहीं, कुछ दिनों के बाद अब अचानक से हेल्थ ब्रांच की अमला शाखा के सुपरिंटेंडेंट की तरफ से सिर्फ विपक्ष के पार्षदों के वार्ड में पहले से तैनात सेनेटरी सुपरवाइज और सुपरवाइजरों की बदलियां कर दी हैं। इसका विरोध विपक्ष के पार्षदों ने करना शुरू कर दिया है। विपक्ष का आरोप है कि हलका पूर्वी में सत्ताधारी पार्षदों के वार्डों के सेनेटरी सुपरवाइजर और सुपरवाइजर न बदलते हुए सिर्फ विपक्ष में कांग्रेसी और भाजपा के पार्षदों में पिछले कई सालों से तैनात मुलाजिमों को बदला गया है। इससे इलाके में सफाई व्यवस्था पर असर पड़ेगा। क्योंकि पहले से तैनात सफाई मुलाजिमों को पता रहता है कि किस गली-मोहल्ले में कौन सी समस्या है। वहीं, निगम की हेल्थ ब्रांच के अमला ब्रांच ने इलाका पार्षदों की सहमति लिए बिना ही सीधे मुलाजिमों की बदलियां कर दी हैं। विरोध जताते हुए कांग्रेसी पार्षद गौरव भट्टी ने कहा कि निगम जरनल हाउस की मीटिंग में अपने इलाका निवासियों की आवाज उठाने वाले हलका पूर्वी में विपक्षी पार्टी पार्षद के वार्ड को टारगेट किया गया है। हलका पूर्वी के 6 वार्डों में नया सेनेटरी सुपरवाइज(लंबरदार) लगाए हैं, जो सभी वार्ड पार्षद विपक्षी पार्टी से हैं, सिर्फ उनमें बदलियां की हैं। हलका पूर्वी में 3 कांग्रेसी पार्षद हैं, 2 भाजपा पार्षद और एक शिअद से पार्षद हैं। जबकि हलका पूर्वी में सत्ता पक्ष के किसी वार्डों में कोई बदलियां नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया है कि मेयर इंद्रजीत कौर और विधायक दलजीत भोला ग्रेवाल उनके हल्के में विपक्ष के पार्षदों को इस तरह परेशान करके दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उधर, इस संबंध में मेयर से संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।


