हलवारा एयरपोर्ट पर दिल्ली से पहुंचेगी पहली फ्लाइट:1 घंटा 20 मिनट का सफर; किराए से लेकर उड़ानों की पूरी जानकारी सवाल-जवाब में

पंजाब में लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर मार्च 2026 से उड़ानें शुरू हो सकती हैं। रविवार, 1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट से इसका वर्चुअली उद्घाटन किया। शुरूआत में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने एयर इंडिया को यहां से उड़ानें भरने की अनुमति दी है। एयरलाइंस के प्रस्ताव के मुताबिक, हलवारा एयरपोर्ट पर दिल्ली से पहली फ्लाइट सुबह 7 बजे लैंड होगी। इसके बाद 7 बजकर 40 मिनट पर लुधियाना से दिल्ली के लिए फ्लाइट रवाना होगी। शुरुआती फेज में रोजाना दो फ्लाइट लुधियाना से दिल्ली और दो फ्लाइट दिल्ली से लुधियाना आएंगी। इसके बाद देश के अन्य राज्यों के लिए फ्लाइट्स को मंजूरी दी जाएगी। जबकि, इंटरनेशलन फ्लाइट शुरू होने में करीब 2 साल और लग सकते हैं। दिल्ली से लुधियाना के बीच 1 घंटा 20 मिनट का सफर रहेगा। इसके लिए 2800 से 3500 रुपए तक टिकट हो सकता है। हालांकि, अभी टिकट प्राइस तय नहीं हुए हैं। फ्लाइट पकड़ने के लिए कम से कम 2 घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। हलवारा एयरपोर्ट के निर्माण से उद्घाटन तक कहानी सवाल-जवाब में… सवाल: हलवारा में एयरपोर्ट बनाने की बात कब शुरू हुई?
जवाब: 2010-11 से साहनेवाल एयरपोर्ट का विस्तार करने की मांग शहर के उद्यमी कर रहे थे। वहां सरकार के पास जमीन नहीं थी, जिसकी वजह से उसका विस्तार नहीं हो सकता था। फिर मत्तेवाड़ा के पास एयरपोर्ट बनाने की बात चली। जब वह प्रोजेक्ट भी फेल हो गया तो फिर हलवारा एयरफोर्स स्टेशन को कमर्शियल फ्लाइट के लिए इस्तेमाल करने का प्रस्ताव आया। सवाल: हलवारा एयरफोर्स स्टेशन को कमर्शियल फ्लाइट के लिए इस्तेमाल करने का प्रस्ताव किसने रखा?
जवाब: 2012-13 में डिप्टी सीएम रहे सुखबीर बादल ने मत्तेवाड़ा के पास एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव रखा। इंवायर्नमेंटल क्लीयरेंस न मिलने के कारण वह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ा। 2014 में मोदी सरकार बनने के बाद 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने केंद्र के साथ मिलकर हलवारा एयरफोर्स स्टेशन को कमर्शियल फ्लाइट के लिए इस्तेमाल करने का प्रस्ताव रखा। सवाल: हलवारा एयरपोर्ट के निर्माण किसने शुरू कराया?
जवाब: हलवारा एयरपोर्ट के विजन और एग्रीमेंट (2018-2021) का श्रेय पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह को जाता है। दिसंबर 2018 में कैबिनेट ने AAI के साथ MoU साइन किया और 161.27 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कराया। नींव भी रखी गई। इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने सीएम रहते हुए नवंबर 2021 में मौके पर जाकर बाउंड्री वॉल का काम शुरू कराया। फिर मान सरकार ने इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता पर लिया। फंड की कमी को दूर करने के लिए 47 करोड़ रुपए की विशेष ग्रांट जारी की गई। सवाल: सरकार ने किसे सौंपी थी एयरपोर्ट निर्माण की जिम्मेदारी?
जवाब: राज्य सरकार और AAI में एक MoU साइन हुआ, जिसमें तय हुआ कि निर्माण पर 51 फीसदी खर्च AAI और 49 फीसदी खर्च पंजाब सरकार करेगी। पंजाब सरकार ने यह जिम्मेदारी GLADA को दी। GLADA को जमीन अधिग्रहण की जिम्मेदारी सौंपी गई। सवाल: एयरपोर्ट निर्माण में 7 साल का वक्त क्यों लग गया?
जवाब: हलवारा एयरपोर्ट के लिए एतियाणा गांव की 161.27 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई। मुआवजा राशि तय करने के लिए लंबी जद्दोजहद चली। दो साल से ज्यादा का वक्त इसी में लग गया। उसके बाद फंड को लेकर पेंच फंसा। बाद में एयरफोर्स स्टेशन के अंदर होने वाले कार्यों को लेकर पेंच फंसा। सिक्योरिटी कारणों से काम की रफ्तार धीमी रही। जिससे 7 साल लग गए। सवाल: एयरपोर्ट का संचालन कौन करेगा?
जवाब: हलवारा एयरपोर्ट के निर्माण और प्रबंधन के लिए ‘लुधियाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ (LIAL) कंपनी बनाई गई है। इसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में पंजाब सरकार के सिविल एविएशन डिपार्टमेंट की सेक्रेटरी, ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर व एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी हैं। सवाल: एयरपोर्ट पर कुल कितनी राशि खर्च हुई?
जवाब: एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण से लेकर निर्माण तक करीब 110 करोड़ के करीब खर्च हुआ। जिसमें से 70 करोड़ के करीब टर्मिनल बिल्डिंग व अन्य सिविल वर्क पर खर्च हुए और 40 करोड़ के करीब जमीन का मुआवजा दिया गया। सवाल: एयरपोर्ट से फ्लाइट कब से शुरू होंगी?
जवाब: हलवारा एयरपोर्ट से फ्लाइट 1 मार्च से शुरू होने की संभावना है। AAI के अधिकारियों की मानें तो उससे पहले भी फ्लाइट शुरू हो सकती है। पहले फेज में लुधियाना से दिल्ली के लिए ही फ्लाइट शुरू होगी। एक फ्लाइट सुबह और एक शाम को जाएगी। सवाल: कौन सी कंपनी ने फ्लाइट शुरू करने की बात की है?
जवाब: एयर इंडिया ने फ्लाइट शुरू करने के लिए AAI को लिखा है। एयर इंडिया लुधियाना (हलवारा) से दिल्ली रूट पर Airbus A320neo (एयरबस ए320 नियो) 180 सीटर विमान चलाने की तैयारी में है। हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फायदे… इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे केंद्रीय सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने कहा कि हलवारा को इंटरेनशनल एयरपोर्ट बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टर्मिनल बिल्डिंग बनते ही इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि साहनेवाल एयरपोर्ट को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके अलावा कार्गो फ्लाइट भी जल्दी शुरू कर दी जाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *