हवाई सेवा बंद होने का विरोध,एयरपोर्ट पर कांग्रेस का प्रदर्शन:एयरपोर्ट के अधिकारियों को सौंपा कागज का जहाज, पुनः सेवाएं शुरू करने की मांग

सरगुजा में एक वर्ष पूर्व शुरू की गई हवाई सेवा छह माह में ही ठप हो गई। शुक्रवार को हवाई सेवा बंद होने के विरोध में कांग्रेस, युकां एवं एनएसयूआई ने माँ महामाया एयरपोर्ट दरिमा में प्रदर्शन किया और ठप हवाई सेवाओं को पुनः प्रारंभ कराने की मांग की। विरोध प्रदर्शन कर एयरपोर्ट के अधिकारियों को कागज का जहाज देकर आक्रोश व्यक्त किया। दरिमा स्थित माँ महामाया एयरपोर्ट का निर्माण वर्ष 2023 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लगभग 50 करोड़ की लागत से कराया था। इस एयरपोर्ट पर दिसंबर 2024 में व्यवसायिक विमान सेवा प्रारंभ हुई। कांग्रेसियों ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के प्रयासों के फलस्वरूप कांग्रेस शासन काल में 1950 में बने दरिमा एयरपोर्ट का जीर्णाेद्धार कर इसे 72 सीटर विमान के परिचालन योग्य बनाया गया। यहां 72 सीटर विमान के बजाय 19 सीटर विमान का परिचालन शुरू हुआ जो लगातार अनियमित और बेहद महंगी विमान सेवा उपलब्ध करा रहा था। छह माह में बंद हो गई सेवाएं
कांग्रेसियों ने कहा कि नियमित सेवा के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने रूट और विमानन क्षमता को लेकर कई सुझाव दिए थे, लेकिन इनपर अमल नहीं होने के कारण अंततः दरिमा एयरपोर्ट पर प्रारंभ हुई विमान सेवा 6 माह में ही ठप पड़ गई। विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि माँ महामाया एयरपोर्ट क्षेत्र की जनता के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन लंबे समय से उड़ान सेवाएं बंद रहने के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट की उपेक्षा से क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। तत्काल हवाई सेवाएं शुरू कराने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि तत्काल प्रभाव से दरिमा एयरपोर्ट की विमानन सेवाएं बहाल की जाएं, ताकि सरगुजा अंचल को हवाई संपर्क का लाभ मिल सके। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में ये रहे शामिल
विरोध प्रदर्शन में आलोक सिंह, रजनीश सिंह, उत्तम रजवाड़े, नीतीश चौरसिया, विकल झा,सतीश बारी, राजन सिंह, शिवराज सिंह, हिमांशु अग्रवाल, आकाश अग्रहरि, आकाश यादव, ऋषिकेष मिश्रा, संजर नवाज़, लोलर सिंह, रजत पाण्डेय के साथ ही दरिमा के नारद गुप्ता, उमाशंकर, परमेंद्र, संजू कश्यप, राम प्रकाश सिंह, नरेंद्र गुप्ता, राकेश सोनी, दीपक जायसवाल, रामप्रकाश सिंह,विनोद रजवाड़े , अंबिका दास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *