जोधपुर के रावण का चबूतरा मेला मैदान में चल रहे हस्तशिल्प मेले में इस बार मनोरंजन के लिए अलग-अलग तरह के झूले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हर साल जहां एक ही परिसर में छोटे बच्चों से लेकर बड़ों तक के झूले यहां पर लगाए जाते हैं। इस बार बच्चों के लिए स्पेशल किड्स जोन बनाया गया है, जिसमें मिकी माउस से लेकर स्विमिंग पूल कर सहित अलग-अलग झूले बच्चों को काफी पसंद आ रहे हैं। जोधाणा पब्लिसिटी के दिनेश गौड़ ने बताया- हर साल होने वाले मेले में एक ही जगह पर बच्चों से लेकर बड़ों तक के झूले लगाए जाते हैं। इसकी वजह से अव्यवस्थाएं भी होती है। कई बार बच्चे गिर भी जाते हैं लेकिन पहली बार हमने पहल करते हुए बच्चों के लिए अलग से स्पेशल किड्स जोन तैयार किया है। बच्चे अपने माता-पिता के साथ आराम से इस मेले में झूले झूलने के साथ ही मनोरंजन कर सकें। यहां पर करीब 50 अलग-अलग तरह के झूले, गेम्स तैयार किए गए हैं। इसके अलावा व्यवस्था भंग नहीं हो इसको लेकर भी इस बार खास इंतजाम किए गए हैं। बच्चों के साथ आने वाले माता पिता के बैठने के लिए भी व्यवस्था की गई है। यहां ₹50 से लेकर ₹100 तक के झूले के टिकट रखे गए हैं। शहर के लोगों को पहली बार की गई ये अनूठी व्यवस्था काफी पसंद आ रही है। मेले में शाम के समय काफी चहल-पहल रहती है।


