हनुमानगढ़ के गोलूवाला थाना क्षेत्र में हांसलिया ग्राम पंचायत की प्रशासक नाहिदा प्रवीण लोधी और उसके पति रफीक मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन पर फर्जी प्रमाण-पत्र और दस्तावेज जारी करने का आरोप है। यह कार्रवाई वार्ड 3 की वार्ड पंच राजा बेगम की शिकायत पर की गई है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में वार्ड पंच राजा बेगम ने बताया कि 16 फरवरी की शाम उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि उनके नाम से जारी एक प्रमाण-पत्र पर फर्जी मुहर और हस्ताक्षर किए गए हैं। इस जानकारी के बाद उन्होंने मामले की जांच की, जिसमें कई दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी सामने आई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रशासक नाहिदा प्रवीण और उनके पति रफीक मोहम्मद ने मिलकर फर्जी प्रमाण-पत्र जारी किए हैं। इसके अलावा कुछ पट्टों से संबंधित दस्तावेजों में भी कथित तौर पर फर्जी मुहर और हस्ताक्षर का उपयोग किया गया। आरोप है कि शिव चौक क्षेत्र के प्रॉपर्टी कार्ड के इमेज मैप में भी फर्जी तरीके से हस्ताक्षर और मुहर लगाकर दस्तावेज तैयार किए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन फर्जी दस्तावेजों के कारण उन्हें व्यक्तिगत रूप से नुकसान हुआ है।
वार्ड पंच ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर जारी किए गए इन दस्तावेजों का उपयोग जमीन और संपत्ति से जुड़े मामलों में किया जा सकता है, जिससे भविष्य में और अधिक विवाद उत्पन्न हो सकते हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रशासक नाहिदा प्रवीण लोधी और उनके पति रफीक मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई विजय सिंह कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


