हाइपरटेंशन से मुक्ति के लिए अपनी जीवनशैली को बेहतर बनाएं, उच्च रक्तचाप दूर करें : अशोक

भास्कर न्यूज | सरायकेला जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एनसीडी सेल द्वारा वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे के अवसर पर सदर अस्पताल सरायकेला में विशेष तनाव मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सक डॉ संजय झा द्वारा तनावमुक्ति शिविर में पहुंचे कुल 130 तनाव से ग्रसित मानसिक रोगियों की जांच करते हुए आवश्यक काउंसेलिंग कर उपचार किया गया। मौके पर सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को मनाए जाने वाले एल्डरली हेल्थ केयर डे के अवसर पर एनसीडी की टीम सरायकेला के साहेबगंज स्थित ओल्ड एज होम पहुंची, जहां चिकित्सक डॉ संजय झा की देखरेख में ओल्ड एज होम के 22 बुजुर्गों के रक्तचाप व मधुमेह की जांच की गई। एनसीडी कोषांग से सलाहकार अशोक यादव के संचालन में आयोजित उक्त कार्यक्रमों में सदर अस्पताल सरायकेला की सुशीला महतो व राधिका कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रही। हृदय से मुस्कुराएं : आज के भागमभाग हाईटेक होते समय में हर पांच व्यक्ति में से दो व्यक्ति हाइपरटेंशन से पीड़ित माना जा रहा है। वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे के अवसर पर तनाव मुक्ति शिविर में पहुंचे प्रभावितों का इलाज व काउंसेलिंग करते हुए डॉ संजय झा तथा एनसीडी सेल से सलाहकार अशोक यादव बताते हैं कि हाइपरटेंशन से मुक्ति के लिए अपनी जीवनशैली को बेहतर बनाएं और उच्च रक्तचाप से मुक्त रहें। अपना रक्तचाप सही से मापें, इसे नियंत्रित करें और लंबी आयु पाएं। इससे सुरक्षा के लिए उन्होंने लोगों को प्रेरित किया कि भोजन में अधिक से अधिक मात्रा में फल व सब्जियों का सेवन करें। नियमित रूप से व्यायाम करें। जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाएं और नकारात्मकता से दूर रहें। वजन पर काबू पाएं, परंतु हाइपरटेंशन से पीड़ित व्यक्ति भोजन में अधिक नमक का सेवन न करें, तंबाकू या शराब के सेवन से दूर रहें, जैम कैचअप जैसे प्रक्रिया फूड का अधिक सेवन न करें और अचार, पापड़ व चटनी से दूर रहें। सकारात्मक सोच और सकारात्मक सोच वाले परिवेश में रहें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *