हाईकोर्ट के सामने भूमिगत पार्किंग शुरू होते ही सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलने लगी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पार्किंग का शुभारम्भ किया था और सोमवार को कार्यदिवस के दिन सड़क पर ट्रैफिक जाम नहीं रहा। रोजाना बाहर खड़े होने वाले वाहन पार्किंग में खड़े हुए और सड़क खाली रही। गौरतलब है कि हाईकोर्ट से स्टेच्यू सर्किल पर पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े होते थे और दिनभर में लम्बा जाम लगता था। इससे हाईकोर्ट से स्टेच्यू के बीच में वाहन चालक जाम में फंसते थे। 1 किमी दूरी तय करने में 10 से 15 मिनट लगते थे। सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े होने से 100 फीट चौड़ी सड़क 50 से 60 फीट ही रह जाती थी। सोमवार को हाईकोर्ट से स्टेच्यू सर्किल तक की दूरी 2 से 3 मिनट में तय हो गई। 511 चौपहिया और 190 दुपहिया की क्षमता पार्किंग में दो तल अंडरग्राउंड हैं, जबकि ओपन पार्किंग भी है। इसे गोल्फ क्लब काम में लेगा। पार्किंग खुलते ही पहले दिन दोनों तल फुल हो गए। इसका पूरा एरिया 9 हजार स्क्वायर मीटर है। गाड़ी पार्किंग करने के बाद हाईकोर्ट में सब वे एंट्री हो गई। वाहनों की एंट्री भवानी सिंह मार्ग से हुई और भगवानदास मार्ग से एक्जिट हुए। जेडीए ने दो साल में 60 करोड़ की लागत से 511 चौपहिया और 190 दुपहिया वाहन क्षमता की इस पार्किंग का निर्माण किया है। पार्किंग में खूबसूरत जयपुर हैरिटेज सौन्दर्य की पेंटिंग भी बनाई है। यातायात पुलिस ने पहले दिन की समझाइश, अब नहीं मानने पर होगा चालान पार्किंग खुलने के बाद कुछ वाहन चालक सड़क पर वाहन खड़े करते दिखे तो मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने समझाइश कर पार्किंग में जाने के लिए कहा। पुलिस कुछ दिन सड़क पर वाहन नहीं खड़ा करने के लिए समझाइश करेगी और बाद में नो पार्किंग का चालान करेगी।


