रांची | झारखंड हाईकोर्ट ने दुमका में तीन न्यायिक अधिकारियों के जाम में फंसने और उनकी सुरक्षा पर उठे सवाल को लेकर दाखिल याचिका को निष्पादित कर दिया है। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव और राजेश शंकर की अदालत ने सोमवार को इस मामले पर सुनवाई की। इस दौरान दुमका के एसपी और राज्य सरकार के जवाब को देखने के बाद अदालत ने मामला निष्पादित कर दिया। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अधिवक्ता पियूष चित्रेश ने अदालत को बताया कि दुमका एसपी की रिपोर्ट के अनुसार हाईवे पर दुर्घटना के कारण तीन युवकों की मौत हो गई थी। इसके बाद अचानक भीड़ ने सड़क जाम कर दी। इस जाम में तीन न्यायिक अधिकारी भी फंस गए थे।


