हाई स्पीड में धराए तो जब्त होगी गाड़ी, तीन बार से ज्यादा नियम तोड़ने पर लाइसेंस रद्द

राजधानी रांची में अलग-अलग जगहों पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटना को कम करने के लिए रांची पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर सख्ती की तैयारी पूरी कर ली गई है। 40 जगहों को चिन्हित किया गया है, जहां चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। सड़क दुर्घटना पर लगाम लगाने के लिए एसएसपी चंदन सिन्हा ने शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिया है। एसएसपी ने हाई स्पीड बाइक के अलावा कार के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सभी थानेदार को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कोई भी वाहन सवार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई देता है तो उसे पकड़ें। हाई स्पीड वाहन सवार की गाड़ी जब्त करें। पुलिस ने लगातार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन सवार को चिन्हित कर लाइसेंस रद्द कराने की भी तैयारी की है। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले 7 महीने में राजधानी रांची के अलग-अलग जगहों पर 454 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें गंभीर रूप से चोट लगने के बाद 362 लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वाले ज्यादा बाइक सवार हैं, जिनकी उम्र 40 वर्ष से कम है। ऐसे में रांची पुलिस ने अब वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए प्लान तैयार किया है ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। एसएसपी ने की अपील… ​नियमों का पालन करें एसएसपी चंदन सिन्हा ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें। कार सवार सीट बेल्ट व बाइक सवार हेलमेट लगाकर ही चलें। नशे की हालत में कतई वाहन नहीं चलाएं। गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने से बचें। आेवर स्पीडिंग से भी बचने की आवश्यकता है। नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी नहीं करें। ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करते हुए पकड़े जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई होनी तय है। रफ्तार पर लगाम के लिए इंटरसेप्टर होंगे एक्टिव तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए 2 इंटरसेप्टर वाहन को तैनात किया गया है। इस वाहन को प्रभावी बनाने के लिए रिंग रोड आैर वैसी खुली सड़कें जहां तेज रफ्तार में वाहन सवार परिचालन करते हैं, वैसे चिन्हित जगहों पर तैनात किया जाएगा। दोनों इंटरसेप्टर कार की प्रतिदिन मॉनिटरिंग होगी। जो भी वाहन सवार जांच के क्रम में ट्रैफिक नियम तोड़ते पकड़े जाते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे होगी कार्रवाई पहली बार ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करते पकड़े गए तो कटेगा चालान। 3 बार से ज्यादा नियम तोड़ते हुए पकड़े गए तो ड्राइविंग लाइसेंस होगा रद्द। इसके बाद भी अगर नियम तोड़ते पकड़े गए तो जब्त होगी गाड़ी। तेज रफ्तार वाहन चलाते पकड़ाए तो भी जब्त होगी गाड़ी ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *