भास्कर न्यूज | जशपुरनगर पत्थलगांव विकासखंड के पुरानी बस्ती निवासी राजेन्द्र सारथी की वर्षों पुरानी पीड़ा आखिर सुन ली गई। मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में इलाज की गुहार लगाने पहुंचे राजेन्द्र को तत्काल एम्बुलेंस से जशपुर जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां पहुंचते ही उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। राजेन्द्र पिछले आठ वर्षों से हाथीपांव नामक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि सबसे पहले मरीज के संक्रमण को नियंत्रित किया जा रहा है। उनका आयुष्मान कार्ड भी अपडेट किया गया है, जिसकी सहायता से 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज संभव है। साथ ही मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत भी उनके इलाज की व्यवस्था की जा रही है। डॉ. जात्रा ने यह भी बताया कि राजेन्द्र सारथी को बेहतर इलाज के लिए जल्द ही रायपुर रेफर किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका समुचित उपचार किया जाएगा। राजेन्द्र सारथी की कहानी बेहद दुखद है। बीमारी के चलते एक पैर का ऑपरेशन हो चुका है, लेकिन वे पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए। आर्थिक तंगी के कारण उनका पारिवारिक जीवन भी बिखर चुका है। पत्नी उन्हें छोड़ चुकी है और अब उनकी वृद्ध मां और 5 वर्षीय बेटी ही उनकी देखभाल कर रही हैं। वर्षों से बीमारी और अभाव के बीच जूझ रहे राजेन्द्र को अब सरकारी सहायता से नई उम्मीद मिली है।


