झारखंड में हाथी का उत्पात जारी है। शनिवार को एक बार फिर गुमला में हाथी ने एक वृद्ध को कुचल कर मार डाला। वहीं, शुक्रवार को हाथी ने गुमला के पालकोट में दो लोगों की जान ले ली थी। इस दो दिनों में हाथी गुमला, सिमडेगा और गढ़वा में कुल छह लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। हाथी के हमले में केवल गुमला में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सुबह महुआ चुनने के दौरान हुई घटना शनिवार की घटना गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र के सुगाकांटा गांव की है। यहां 65 वर्षीय फिरला नगेसिया की सुबह जंगली हाथी ने कुचलकर जान ले ली। मृतक के बेटे वीरेंद्र नगेसिया ने बताया कि उसके पिता सुबह 5 बजे महुआ चुनने अंबाकोना जंगल गए थे। इसी दौरान पालकोट की तरफ से आए एक जंगली हाथी ने उन्हें कुचल कर मार डाला। घटना के बाद रायडीह थाना प्रभारी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया है। शुक्रवार को पांच लोगों पर हमला किया था इससे एक दिन पहले शुक्रवार को पालकोट प्रखंड में जंगली हाथी ने पांच लोगों पर हमला किया था। इनमें से दो की मौत हो गई, जबकि तीन घायल अस्पताल में भर्ती हैं। क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इधर, वन विभाग की टीम ने शुक्रवार रात कुलमुंडा, डोबडोबी, सीलम, पीबो, जमगई और पालकोट वन्यप्राणी आश्रयणी के आसपास के इलाकों में पेट्रोलिंग की। लाउडस्पीकर से लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद यह घटना हो गई। ———————————– ये भी खबर पढ़िए झारखंड में हाथी का उत्पात, चार लोगों की ली जान:गुमला और सिमडेगा में दो-दो लोगों को कुचला, दहशत में जी रहे ग्रामीण झारखंड में शुक्रवार को एक हाथी का उत्पात देखने को मिला। झुंड से बिछड़े हाथी ने गुमला और सिमडेगा में दो-दो लोगों को कुचल कर मार डाला। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों घटनाओं में एक ही हाथी शामिल है। इधर, इस घटनाओं के बाद ग्रामीण दहशत में हैं और हाथी को सुरक्षित जोन में स्थानांतरित करने की मांग की है। मृतकों की पहचान गुमला के पालकोट निवासी क्रिस्टोफर एक्का (60), हेमवती देवी (35) और सिमडेगा की रहने वाली बानो थाना क्षेत्र निवासी सिब्रिया लुगुन व विकास ओहदार के रूप में की गई। गुमला में दो लोगों को हाथी ने जख्मी भी कर दिया है। उनका इलाज जारी है। पढ़िए पूरी खबर…


