मध्यप्रदेश के लोक निर्माण एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह रविवार को जिले के प्रवास पर रहे। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली। बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्री ने प्रदेश सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। प्रेस वार्ता के दौरान मीडियाकर्मियों ने जिले से जुड़े कई जमीनी मुद्दों पर सवाल किए। हालांकि, अधिकांश सवालों पर मंत्री राकेश सिंह ने यह कहते हुए जवाब टाल दिया कि वे संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेकर बात करेंगे। नर्मदा परिक्रमा क्षेत्र में अवैध शराब का सवाल, हाथ जोड़कर दिया जवाब
पत्रकारों ने नर्मदापुरम शहर में नर्मदा नदी से 5 किलोमीटर के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और तस्करी का मुद्दा उठाया।इस सवाल पर प्रभारी मंत्री ने हाथ जोड़ते हुए कहा “मैं पीता नहीं हूं, इसलिए मुझे पता नहीं।” मंत्री के इस जवाब पर मंच पर उनके पास बैठे राज्यसभा सांसद माया नारोलिया और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा अपनी हंसी रोक नहीं पाए और मुस्कुराते नजर आए। हालांकि पहले दी सख्त हिदायत
इससे पहले, उसी प्रेस वार्ता में मंत्री राकेश सिंह ने कलेक्टर और एसपी की ओर देखते हुए कहा “अवैध शराब नहीं बिकनी चाहिए। लाइसेंस के अलावा कहीं भी शराब बिक रही है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाए।जहां-जहां से ऐसी शिकायतें आ रही हैं, वहां तुरंत कार्रवाई करें।” 90 डिग्री फ्लाईओवर पर बोले—सुनी-सुनाई बातें फैल जाती हैं
मंत्री ने भोपाल के चर्चित 90 डिग्री फ्लाईओवर ब्रिज को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा “सुनी हुई बातें स्वाभाविक रूप से लोगों के ध्यान में आ जाती हैं। भोपाल में 90 डिग्री फ्लाईओवर है ही नहीं, वह तकनीकी रूप से 118 डिग्री का ओवरब्रिज है।” उन्होंने कहा कि 90 डिग्री होना कोई बुरी बात नहीं है, क्योंकि देश-दुनिया के कई विकसित देशों में इस तरह के ब्रिज और सड़कें मौजूद हैं। पुराने शहरों में विकास की मजबूरी बताई
प्रभारी मंत्री ने कहा “जब नए शहर की प्लानिंग होती है तो जगह बहुत होती है, लेकिन पुराने शहरों में सीमित जगह में ही विकास कार्य करना पड़ता है।90 डिग्री या किसी भी टर्न में कई तकनीकी मापदंड होते हैं, जिनका पालन जरूरी होता है।” उन्होंने दुर्घटनाओं को रोकने और टर्न को सुरक्षित बनाने को सबसे महत्वपूर्ण बताया। महिला शिक्षकों की शिकायतों पर कार्रवाई का भरोसा
जिले के पिपरिया और शोभापुर क्षेत्रों में स्कूलों की महिला शिक्षकों द्वारा प्राचार्य और पुरुष शिक्षकों पर प्रताड़ना व अभद्र व्यवहार की शिकायतों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा “हमारी सरकार महिला हितैषी है। महिलाओं के साथ अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों की जानकारी लेकर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, प्रेमशंकर वर्मा, ठाकुरदास नागवंशी,कलेक्टर सोनिया मीना, एसपी साईं कृष्णा,नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। शराब जैसे मुद्दे पर गंभीर नहीं जनप्रतिनिधि
अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थ समाज के लिए खतरा होता है। नर्मदापुरम शहर से बाहर शराब की दुकानें है। बावजूद अवैध तरह से जगह जगह बिकती है। जो गंभीर मुद्दा है। ऐसे में सवाल पूछने पर प्रभारी मंत्री का हाथ जोड़ते हुए पल्ला झाड़ लिए। राज्यसभा सदस्य, विधायक का खिलखिला का हंसना बताता है कि जनप्रतिनिधि शराब जैसे मुद्दे पर कितने गंभीर है।


