हादसे के बाद टैक्सी ड्राइवर रणजोध सिंह की बेरहमी से पिटाई का पुलिस पर आरोप, भारत नगर चौक में 5 घंटे तक धरना

लुधियाना| मामूली सड़क हादसे के बाद टैक्सी ड्राइवर रणजोध सिंह को पुलिस पर बेरहमी से पीटने के विरोध में परिवार के समर्थन में उतरने विभिन्न संगठनों ने स्थानीय भारत नगर चौक में 5 घंटे तक रोष प्रदर्शन किया। पुलिस मुलाजिमों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर किए गए सिख संगठनों के प्रदर्शन के चलते पूरा महानगर थम गया। भारतनगर चौक में प्रदर्शन के चलते, माल रोड, जगराओं पुल, बस स्टैंड रोड, और फिरोजपुर रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसीपी सिविल लाइन गुरइकबाल सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी पुलिस कर्मियों और दूसरी कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब पांच घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका। फिर थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने चार पुलिस कर्मियों हैडकांस्टेबल लवप्रीत सिंह, हैडकांस्टेबल लवप्रीत सिंह, पंजाब होमगार्ड दीपक शर्मा और रोहित पर बीएनएस की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 127(2) (अवैध रूप से से बंधक बनाना) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज की। वहीं, दूसरी कार में सवार गांधी नगर निवासी राजीव गुप्ता, बिंद्राबन रोड निवासी अजय शर्मा और उनके एक साथी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। इन पर बीएनएस की धारा 298 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना), 115(2) (मारपीट) और 126(2) (गलत तरीके से रोकने) के आरोप लगाए गए हैं। एसीपी गुरइकबाल सिंह ने बताया कि सभी आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *