भास्कर न्यूज| लुधियाना एक हादसे ने शुभम वाधवा की जिंदगी को भले ही थाम दिया हो, लेकिन उनके हौसलों की रफ्तार नहीं रोक सका। 2016 में हुए सड़क हादसे के बाद जब पैरालिसिस ने उन्हें व्हीलचेयर तक सीमित कर दिया, तब भी शुभम ने हार नहीं मानी। कड़ी मेहनत, परिवार और कोच के सहयोग से उन्होंने पैरा टेबल टेनिस में नई पहचान बनाई और आज वह राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने अभी हाल में ही नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीता है। शहर के श्याम नगर निवासी शुभम वाधवा की कहानी संघर्ष, धैर्य और हौसले की मिसाल है। वर्ष 2016 में दोस्त के साथ बाइक से जाते समय उनकी बाइक ट्रांसफार्मर से टकरा गई। हादसे में शुभम को गंभीर चोटें आईं और स्पाइनल कॉर्ड इंजरी के कारण उनके पैरों में पैरालिसिस हो गया। तीन साल तक वह बिस्तर पर रहे और लगातार इलाज चला। हादसे से पहले शुभम स्कूल स्तर पर टेबल टेनिस के बेहतरीन खिलाड़ी थे और नेशनल स्कूल गेम्स तक अपनी प्रतिभा दिखा चुके थे। लेकिन किस्मत ने जब कठिन परीक्षा ली, तब भी उन्होंने हार नहीं मानी। 2018-19 में उन्होंने पैरा टेबल टेनिस में दोबारा वापसी की। पैरों में हरकत न होने के कारण दोस्त और परिजन उन्हें अभ्यास के लिए मैदान तक ले जाते थे। व्हीलचेयर पर बैठकर गुरुनानक देव स्टेडियम में सुबह-शाम कठिन अभ्यास शुरू किया। लगन और मेहनत का फल 2022 में मिला, जब शुभम ने नेशनल पैरा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर सबको चौंका दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पिछले महीने वडोदरा में हुई नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड, नवंबर में मिस्र में हुए वर्ल्ड पैरा चैलेंजर टूर्नामेंट में सिल्वर, अगस्त में यूएसए ओपन में ब्रॉन्ज और जुलाई में ताइवान में दो ब्रॉन्ज मेडल जीता। साथ ही खेलो इंडिया पैरा गेम्स में भी वे गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं। वह साथ बार के नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट है। वर्तमान में शुभम गुजरात के गांधीनगर स्थित साई सेंटर में अभ्यास कर रहे हैं। फरवरी में वह ऑस्ट्रेलिया ओपन, इटली और स्पेन ओपन में हिस्सा लेंगे। वहीं अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियन पैरा गेम्स और नवंबर में वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी में जुटे है। शुभम की एशिया में तीसरी और विश्व में 10वीं रैंक है। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी शुभम वाधवा से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। डीसी ने जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।


