हादसे में घायल हुए लोगों की मदद करने वालों का सम्मान

भास्कर न्यूज | जांजगीर जांजगीर: स्थानीय ऑडिटोरियम हॉल में कार्यक्रम के साथ ’37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ का समापन हुआ। यह आयोजन कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार व सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डीएसपी सतरूपा तारम, यातायात निरीक्षक लालन पटेल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यातायात पुलिस ने माह भर चले अभियानों का ब्योरा पेश किया। जनवरी माह में स्कूलों, कॉलेजों, राजमार्गों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के प्रति प्रेरित किया गया। समापन समारोह में उन ‘गुड सेमेरिटन’ (नेक मददगारों) को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद की। साथ ही, सड़क सुरक्षा मितानों को मेडिकल किट प्रदान की गई। स्कूली बच्चों के लिए आयोजित रंगोली, चित्रकला, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है; जब तक जनता स्वयं जागरूक नहीं होगी, तब तक दुर्घटनाओं को रोकना संभव नहीं है। कार्यक्रम में यह विजेता हुए पुरस्कृत प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध में साधना पाण्डेय प्रथम, पूजा मिरी द्वितीय व दीक्षा साहू तृतीय रहीं। चित्रकला में पूर्वशी साहू प्रथम, दीपिका साहू द्वितीय व लीना साहू ने तृतीय स्थान पाया। रंगोली में पलक कश्यप, अनाया पाण्डेय व कीर्ति यादव की टीम प्रथम रही। वाद-विवाद में साक्षी यादव व अनन्या राठौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *