भास्कर न्यूज | बालोद धर्म रक्षा निधि संकलन के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता आगामी दिनों में हिंदू समाज के बीच संपर्क अभियान चलाएंगे। इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद बालोद जिला संगठन की शहर कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्कार शाला भवन में आयोजित की गई। बैठक में आगामी जिला बैठक, संगठन विस्तार तथा प्रांत संगठन के निर्देशानुसार जिले के सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने एवं धर्म रक्षा निधि संग्रह जैसे विषयों पर चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता ने बताया कि बालोद जिले में विहिप द्वारा सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल मंत्र के साथ हिंदुत्व की मजबूती के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में धर्मांतरण, मतांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसी चुनौतियों से निपटने तथा संगठन के वार्षिक कार्यक्रम राम जन्मोत्सव, बलिदान दिवस, गोपाष्टमी, दुर्गाष्टमी, मकर संक्रांति, कृष्ण जन्माष्टमी एवं गीता जयंती के आयोजन के लिए संसाधनों की आवश्यकता होती है। विहिप एवं उससे जुड़े संगठन सेवा कार्यों के अंतर्गत वृद्धाश्रमों में सत्संग, फल वितरण तथा समय-समय पर धार्मिक आयोजनों के साथ गरीब एवं बेसहारा महिला बहनों को वस्त्र एवं साड़ी वितरण जैसे कार्य भी करते हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के पांच विकासखंडों सहित दो शहर इकाइयों में विश्व हिंदू परिषद से जुड़े मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता हिंदू समाज के बीच जाकर संगठन के लिए निधि एकत्र करेंगे। बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा चुका बालोद संगठन द्वारा अब तक छत्तीसगढ़ की 350 बालिकाओं को आत्मरक्षा शिविर के अंतर्गत तलवार, दंड सहित बंदूक चलाने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आगामी समय में मातृशक्ति संगठन एवं बजरंग दल का जिलास्तरीय वर्ग आयोजित किया जाएगा। जिला कोषाध्यक्ष राजेश सोनी, सह मंत्री उमेश सेन, बोधन भट्ट, जिला संस्कार शाला प्रमुख पूजा जैन, जिला विधिक संयोजक सेवन साहू, जिला सह संयोजिका विधि विभाग संगीता शर्मा एवं वर्षा साहू, भगवती सिन्हा, किशन लाल साहू, मनोज कुमार साहू उपस्थित रहे।


