भास्कर न्यूज | पाटन राज्य के वित्त मंत्री सह पाटन-छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राधाकृष्ण किशोर ने सोमवार को पाटन प्रखंड के संडा गांव में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों की एकजुटता के लिए सभा की। सभा में दोनों समुदायों के लोगों ने फूल-मालाओं से मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।गौरतलब है कि बीते मुहर्रम पर्व के दौरान पाल्हेकला, संडा, सधपुर, गम्हेथा सहित कई गांवों में हिन्दू मुस्लिम के बीच आपसी तनाव और झड़प की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उसी को देखते हुए इस बैठक का आयोजन किया गया। सभा का संचालन पूर्व जिप सदस्य रमेश सिंह उर्फ भोला सिंह ने किया। वित्त मंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर आपस में मत उलझें। हिंदू-मुस्लिम का त्योहार पूर्वजों के समय से मिलजुलकर मनाया जाता रहा है, इस परंपरा को बनाए रखें। कोई भी समस्या झगड़े से नहीं, बल्कि आपसी तालमेल और प्रेम-भाव से ही सुलझ सकती है। जीवन अनमोल है, इसे प्रेम और सद्भाव के साथ जिएं। हम सभी को जाति-धर्म की भावना से ऊपर उठकर राष्ट्रधर्म की भावना को जागृत करना होगा, तभी देश आगे बढ़ेगा और समाज समृद्ध बनेगा। पूर्व मुखिया हीत नारायण सिंह और रहमतुल्लाह अंसारी ने मंत्री के समक्ष गले मिलकर आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया। मौके पर दोनों समुदायों के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से राकेश दुबे, हीत नारायण सिंह, राजकमल तिवारी, अजीत सिंह, मुश्ताक अहमद, आबिद खान, उमाशंकर सिंह, हरेंद्र सिंह, शेषनाथ सिंह, शारदा सिंह, देवंत सिंह, जितेंद्र सिंह, गिरिवर सिंह, प्रेम सिंह, जैनुल सिद्दीकी, मोमताज खान, हाफिज, क्यूम अंसारी, नौशाद अंसारी, मोस्लीम हवारी, नरेंद्र सिंह, दया सिंह, सुदीप सिंह, अखिलेश पांडेय, लव मेहता, राजू सिंह, भोला सिंह, मलुकी सिंह, गोपाल सिंह, विनोद सिंह, अशोक आदि थे।


